
आठ दिन चली डीलिंग, फिर ऐसे सीबीआई के ट्रैप में फंस गईं डिप्टी कमिश्नर प्रभा भंडारी
सीबीआई ने झांसी की सीजीएसटी की डिप्टी कमिश्नर प्रभा भंडारी उनके सहयोगियों को 70 लाख रिश्वत लेते पकड़ा है। करीब आठ दिन से सीबीआई की टीम डिप्टी कमिश्नर के नेक्सस पकड़ने के लिए जाल बिछा रही थी।
सीबीआई लखनऊ की एंटी करप्शन ब्रांच की टीम ने सीजीएसटी झांसी में करोड़ों की कर चोरी में कारोबारी को राहत दिए जाने के बदले डेढ़ करोड़ रुपये की डीलिंग की शिकायत पर अपना जाल बिछाया था। डीलिंग करीब आठ दिन से चल रही थी। फिर सीबीआई ने ऐसा जाल बुना कि बुधवार सुबह डिप्टी कमिश्नर प्रभा भंडारी समेत उनके सहयोगी रिश्वतखोर इसमें ट्रैप हो गए। कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मचा है। सीबीआई सूत्रों के मुताबिक इस पूरी कार्रवाई में लोकल इनपुट पहले ही जुटा लिए थे, लेकिन अफसरों और कर्मचारियों की कोई मदद नहीं ली गई।
झांसी में डटी सीबीआई टीम ने मामले में आरोपी डिप्टी कमिश्नर, दोनों अधीक्षकों व अन्य के विरुद्ध मंगलवार को केस दर्ज करने के बाद यह कार्रवाई की। सीबीआई के अनुसार आरोपी डिप्टी कमिश्नर प्रभा भंडारी को उनके दिल्ली स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य चारों आरोपियों को झांसी से पकड़ा गया। पकड़े गए लोगों में केस सैटल कराने में लगे जीएसटी मामलों के अधिवक्ता नरेश कुमार गुप्ता और हार्डवेयर कारोबारी जय दुर्गा हार्डवेयर का प्रोपराटर राजू मंगनानी भी है। सभी आरोपितों को ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाया जा रहा है। गुरुवार को उन्हें लखनऊ में विशेष कोर्ट में पेश किया जाएगा।
डीलिंग का सूत्रधार था अधिवक्ता
करीब आठ दिन पहले जय दुर्गा हार्डवेयर में सेंट्रल जीएसटी टीम ने छापा मारा था। उसके संबंध में ही 70 लाख रुपये घूस की मांग की गई थी। उसके बाद लगातार मामले को दबाने के लिए अफसरों और व्यापारी के बीच संपर्क बातचीत चल रही थी। इसका सूत्रधार जीएसटी अधिवक्ता था। टीम ने व्यापारी और अधिवक्ता को जब दबोचा तो वे भागने का प्रयास करने लगे। खबर है व्यापारी के पैर में चोट आई है।
सुबह-सुबह टीम ने मारे छापे
बुधवार सुबह सीबीआई की टीमों ने कई अलग-अलग स्थानों पर छापा मारा। सीपरी बाजार में नमो होम्स निवासी सेंट्रल जीएसटी डिप्टी कमिश्नर प्रभा भंडारी, सेवाराम मिल कंपाउंड निवासी अधीक्षक अनिल तिवारी, अजय कुमार शर्मा और आरएनएस वर्ल्ड स्कूल के पास रहने वाले जय दुर्गा हार्डवेयर के मालिक राजू मंगनानी एवं इलाहाबाद बैंक तिराहे के पास रहने वाले अधिवक्ता नरेश कुमार गुप्ता को टीम ने गिरफ्तार कर लिया।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



