
इश्क की 'सनक' ने ली जान: शादी की जिद पर अड़ा युवक 120 फीट ऊंचे टावर से कूदा, मौत
कन्नौज में शादी की जिद करते हुए एक युवक 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़कर कूद गया। इससे उसकी मौत हो गई। एकतरफा प्यार का जुनून जब सनक में बदलता है, तो उसका अंजाम कितना खौफनाक हो सकता है, यह इस घटना से साफ जाहिर होता है।
कन्नौज के गुरसहायगंज थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला, जिसे देखकर ग्रामीणों की रूह कांप गई। एकतरफा प्यार में पागल एक युवक शादी की जिद को लेकर 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घंटों चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद, जब उसकी जिद पूरी नहीं हुई तो उसने टावर के शिखर से मौत की छलांग लगा दी। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं।
घटना पुराभोज गांव की है। यहां का रहने वाला सुमित (24) अपनी ही एक रिश्तेदार युवती से एकतरफा प्यार करता था। जानकारी के मुताबिक, सुमित उस युवती से शादी करने की जिद पर अड़ा था, लेकिन परिवार और युवती इसके लिए तैयार नहीं थे। चर्चा है कि युवती की बारात आगामी 12 फरवरी को आनी है। जैसे ही सुमित को पता चला कि उसकी कथित प्रेमिका किसी और की होने वाली है, वह अपना आपा खो बैठा और आत्मघाती कदम उठा लिया।
घंटों चला 'शोले' जैसा ड्रामा
बुधवार सुबह करीब 8 बजे सुमित अचानक गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ने लगा। देखते ही देखते वह टावर के सबसे ऊपरी हिस्से पर पहुँच गया और वहां से जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसने चीखते हुए ऐलान किया कि यदि उसकी शादी उसी युवती से नहीं कराई गई, तो वह अपनी जान दे देगा। टावर के नीचे ग्रामीणों और परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने हाथ जोड़कर उसे नीचे उतरने की मिन्नतें कीं, लेकिन सुमित पर जुनून सवार था।
पुलिस और परिजनों की कोशिशें नाकाम
सूचना मिलते ही गुरसहायगंज थाना पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिसकर्मियों और गांव के बुजुर्गों ने घंटों तक उसे बातों में उलझाए रखा और समझाने की कोशिश की कि हर समस्या का समाधान बातचीत से हो सकता है। करीब दो घंटे तक चले इस तनावपूर्ण ड्रामे के बीच, अचानक सुमित ने टावर से छलांग लगा दी। उसे गिरता देख नीचे खड़े लोगों की चीख निकल गई। 120 फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण सुमित गंभीर रूप से लहूलुहान हो गया।
नशे की लत और उग्र स्वभाव
परिजनों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाई और उसे मेडिकल कॉलेज ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि सुमित अक्सर नशे की हालत में रहता था और पहले भी कई बार छोटे-मोटे विवादों को लेकर हंगामा कर चुका था। नशे की लत और प्यार की नाकामयाबी ने मिलकर उसे मौत के दरवाजे तक पहुँचा दिया।
गुरसहायगंज पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि क्या युवक को किसी ने उकसाया था या यह पूरी तरह से एकतरफा सनक का परिणाम था। फिलहाल, सुमित के घर में मातम पसरा है और पूरे गांव में इस सुसाइड को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



