
छह दिन से लापता बच्चे का खाली प्लॉट में मिला शव, बदायूं से दिल्ली तक हो रही थी तलाश
खाली प्लॉट में बच्चे का शव पड़े होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। बच्चे का शव मिलने की खबर पर SP City और सीओ उझानी भी मौके पर पहुंचे। यह घटना, उझानी कोतवाली के नझियाई मोहल्ले की चटईया कॉलोनी की है।
उत्तर प्रदेश के बदायूं में छह दिन से लापता बच्चे का खाली प्लॉट में शव मिला है। आठ साल के इस बच्चे की तलाश बदायूं से दिल्ली तक हो रही थी। बच्चे का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। परिवार वाले हत्या की आशंका जता रहे हैं। आठ साल के बच्चे की हत्या किसने और क्यों की? यह सवाल लोगों के जेहन में है। वे इस अपराध को करने वाले की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
खाली प्लॉट में बच्चे का शव पड़े होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। बच्चे का शव मिलने की खबर पर एसपी सिटी और सीओ उझानी भी मौके पर पहुंचे। यह घटना, उझानी कोतवाली के नझियाई मोहल्ले की चटईया कॉलोनी की है। यहां रहने वाले राजमिस्त्री अंबर का आठ साल का बेटा शुभान 16 नवंबर को लापता हो गया था। परिवार ने काफी तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद 18 नवंबर को कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद भी शुभान का कोई पता नहीं चला, तो उसके पिता अंबर उसे तलाशने के लिए दिल्ली चले गए। इसी बीच शनिवार सुबह कॉलोनी के पास खाली प्लॉट में बच्चे का शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे तो शव शुभान का ही निकला। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया और लोग रो-रोकर बेहाल हो गए। परिवार का आरोप है कि बच्चे की हत्या कर शव खाली प्लॉट में फेंका गया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। बच्चे का शव मिलने और हत्या की आशंका की जानकारी पर एसपी सिटी विजयेंद्र द्विवेदी और सीओ डॉ. देवेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय पुलिस को जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए हैं।





