बैंक के वाशरूम से छिड़ी लड़ाई? ठाकुर Vs पंडित में अब आस्था सिंह पर रितु त्रिपाठी का पलटवार

Feb 10, 2026 09:08 pm ISTRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
share

कानपुर के एक प्राइवेट बैंक में ‘ठाकुर हूं, ऐसी की तैसी कर दूंगी’ कहकर वायरल हुईं आस्था सिंह ने सफाई वीडियो जारी कर रितु त्रिपाठी के पति पर बकझक करने का आरोप लगाया था। अब रितु ने पलटवार में कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

बैंक के वाशरूम से छिड़ी लड़ाई? ठाकुर Vs पंडित में अब आस्था सिंह पर रितु त्रिपाठी का पलटवार

उत्तर प्रदेश में ठाकुर और पंडित के बीच नैरेटिव की लड़ाई का नया अध्याय कानपुर के एक प्राइवेट बैंक में ‘ठाकुर हूं, ऐसी-तैसी कर दूंगी’ डायलॉग मारकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रखीं आस्था सिंह और रितु त्रिपाठी बन गई हैं। वायरल वीडियो पर आस्था सिंह ने वीडियो संदेश जारी कर सफाई दी थी और कहा था कि रितु के पति ऋषि त्रिपाठी ने बैंक में काम का समय खत्म होने के बाद आकर बवाल किया था और उनकी जाति पूछी थी। आस्था ने कहा कि वायरल वीडियो 6 जनवरी का है और यह विवाद ग्राहक से नहीं, बल्कि बैंक की ही एक कर्मचारी से पति का है। इस पर रितु त्रिपाठी ने भी जवाबी वीडियो बनाकर कहा है कि आस्था सिंह का उनकी बहन से बैंक के वाशरूम में झगड़ा हुआ था, जहां से यह मामला बढ़ा। रितु ने इस मामले में कानूनी कदम उठाने की चेतावनी दी भी है।

आस्था ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें मरते दम तक छत्राणी होने पर गर्व रहेगा। आस्था ने अपना पक्ष रखते हुए बताया था कि रितु के पति से उनकी बहस हुई थी, जिसका वीडियो वायरल है। उन्होंने कहा कि इस बहस को गलत तरीके से ग्राहक से बदतमीजी और जातीय रंग दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रितु ने इस्तीफा दिया था और उसी दिन वो रिलीविंग चाहती थीं। उन्होंने बताया कि रितु के साथ ननद भी आई थी, जिससे सुबह बहस हो गई थी। रितु के पति काम का समय खत्म होने के बाद बैंक आए और उनकी बहन ने उन्हें बहस की बात बताई। उन्होंने आरोप लगाया कि रितु के पति ने अभद्रता की, जाति पूछी और कहा कि हेकड़ी निकाल दूंगा, गर्मी निकाल दूंगा।

आस्था के जवाब पर रितु त्रिपाठी ने भी जवाबी वीडियो जारी किया है और मीडिया से खुलकर बात कर रही हैं। उन्होंने कहा कि वो 5 साल से बैंक में काम कर रही थीं, लेकिन बैंक में शोषण से उबकर वो उस दिन इस्तीफा देने गई थीं। उन्होंने बताया कि सुबह में आस्था ने वाशरूम का गेट अंदर से बंद नहीं किया था और तभी उनकी ननद वहां चली गई। ननद ने आस्था से कहा कि आप लॉक कर लेती गेट तो इस पर वो चिल्लाने लगीं और पूरे दिन ननद पर कमेंट करती रही। मेरे निकलने का टाइम हो गया था तो पति को बुलाया। रितु ने कहा कि पति ने बहस की जानकारी होने पर कहा कि पुलिस को बुला लेती।

रितु ने कहा कि उनके पति ने आस्था से कुछ नहीं कहा, बल्कि दूसरे कर्मचारी शिवम सिंह से पूछा कि क्या बात हुई थी। शिवम के जवाब देने से पहले आस्था ने आगे आकर कहा कि उसने बोला है, क्या कर लेगा। रितु के पति ने भी इसी तरह का बयान दिया है और कहा कि शिवम से पूछने के बाद ही आस्था गरजने लगी। रितु और उनके पति ने भी ब्राह्मण गर्व का बयान दिया है। रितु ने कहा है कि आस्था ने उनके पति को धमकी दी है। दोनों ने आस्था पर बैंक के बड़े अफसरों का हाथ होने का भी आरोप लगाया है।

Ritesh Verma

लेखक के बारे में

Ritesh Verma
रीतेश वर्मा पत्रकारिता में 25 साल से अलग-अलग भूमिका में अखबार, टीवी और डिजिटल में काम कर चुके हैं। दैनिक जागरण के साथ बिहार में 5 साल तक जिला स्तर की प्रशासनिक और क्राइम रिपोर्टिंग करने के बाद रीतेश ने आईआईएमसी, दिल्ली में दाखिला लेकर पत्रकारिता की पढ़ाई की। एक साल के अध्ययन ब्रेक के बाद रीतेश ने विराट वैभव से दोबारा काम शुरू किया। फिर दैनिक भास्कर में देश-विदेश का पेज देखा। आज समाज में पहले पन्ने पर काम किया। बीबीसी हिन्दी के साथ आउटसाइड कंट्रीब्यूटर के तौर पर जुड़े। अखबारों के बाद रीतेश ने स्टार न्यूज के जरिए टीवी मीडिया में कदम रखा। रीतेश ने टीवी चैनलों में रिसर्च डेस्क पर लंबे समय तक काम किया है और देश-दुनिया के विषयों पर तथ्यपरक जानकारी सहयोगियों को आगे इस्तेमाल के लिए मुहैया कराई है। सहारा समय और इंडिया न्यूज में भी रीतेश रिसर्च का काम करते रहे। इंडिया न्यूज की पारी के दौरान वो रिसर्च के साथ-साथ चैनल की वेब टीम के हेड बने और इनखबर न्यूज पोर्टल को बतौर संपादक शुरू किया। लाइव हिन्दुस्तान के साथ एडिटर- न्यू इनिशिएटिव के तौर पर पिछले 6 साल से जुड़े रीतेश फिलहाल उत्तर प्रदेश और बिहार की खबरों और दोनों राज्यों की टीम को देखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |