लखनऊ में काली थार सवारों का आतंक, दो और को अगवा कर लूटा, चलती गाड़ी से फेंका

Feb 06, 2026 10:15 am ISTYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share

राजधानी लखनऊ में काली थार का आंतक बढ़ता जा रहा है। दो और लोगों को अगवा कर लूटा गया और रास्ते में चलती गाड़ी से फेंक दिया गया है। एक हफ्ते में तीसरी घटना से दहशत की स्थिति है।

लखनऊ में काली थार सवारों का आतंक, दो और को अगवा कर लूटा, चलती गाड़ी से फेंका

राजधानी लखनऊ में काली थार सवार बदमाशों आतंक बढ़ता जा रहा है। दो और लोगों को अगवा कर लूटपाट की गई है। रविवार को हाइडिल चौराहे से टैंकर चालक को अगवा कर साठ हजार रुपये लूटकर सैरपुर में फेंकने के बाद अब सरोजनीनगर और बीकेटी में भी ठीक वैसी ही वारदातें हुईं। लूट का तरीका एक जैसा रहा। तीनों घटनाओं में काली एसयूवी (थार) का इस्तेमाल किया गया। सरोजनीनगर से कानपुर के एक युवक को लिफ्ट देकर बैठाया। उससे 5400 रुपये, मोबाइल लूट लिए।

एक लाख रुपये यूपीआई से निकलवा कर उसे कानपुर देहात के रूरा में फेंक दिया। कमता से बदमाशों ने बहराइच के लिए एक शिक्षक को लिफ्ट देकर बैठाया। लूटपाट कर उसे किसानपथ पर फेंका दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

स्कूटर इंडिया चौराहे पर वाहन का कर रहे थे इंतजार

कानपुर नगर के रावतपुर निवासी फिदा हुसैन निजी कंपनी में काम करते हैं। उन्होंने सरोजनीनगर थाने में तहरीर दी कि मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे वह कानपुर लौटने के लिए स्कूटर इंडिया चौराहे के पास वाहन का इंतजार कर रहे थे। इस बीच काली एसयूवी उनके पार रुकी। पूछा कि कानपुर जाना है। हां कहने पर उन्होंने बैठा लिया। एसयूवी में चालक समेत चार लोग बैठे थे।

आरोप है कि कुछ दूर चलने के बाद बदमाश उल्टे-सीधे रास्ते पर ले गए। गाड़ी में ही बंधक बना लिया। लात-घूसों से जमकर पीटा। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। जेब से 5400 रुपये निकाल लिए। घड़ी, मोबाइल फोन व ड्राइविंग लाइसेंस लूट लिए। बदमाशों ने जनसेवा केंद्र के माध्यम से उसके मोबाइल से गूगल पे खाते से करीब एक लाख रुपये भी निकलवा लिए।

बदमाशों ने कानपुर के रनियां इलाके में सुनसान रास्ते पर फेंक दिया। किसी तरह वहां से घर पहुंचे। इसके बाद लौट कर सरोजनीनगर थाने में मामले की तहरीर दी। इंस्पेक्टर राजदेव प्रजापति ने बताया कि अज्ञात थार सवार बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

बीबीडी इलाके में शिक्षक को बंधक बनाया

चिनहट के हसन विहार कॉलोनी निवासी बलराम पटेल शिक्षक हैं। बहराइच के राजकीय इंटर कॉलेज में तैनात हैं। पत्नी किरन देवी ने बताया कि 30 जनवरी की सुबह पति घर से कॉलेज जाने के लिए निकले। कमता में गाड़ी का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान एसयूवी सवार तीन लोगों ने लिफ्ट देकर उन्हें बहराइच छोड़ने के बहाने गाड़ी में बैठा लिया। आरोप है कि गाड़ी सवार उन्हें बीबीडी इलाके में लेकर पहुंचे और बंधक बना लिया।

लात-घूसों से जमकर पीटा। मुंह बांध दिया। बदमाशों ने पति के जेब से पांच सौ रुपये और मोबाइल छीन लिया और किसानपथ से बीकेटी ले गए और वहां फेंक दिया। किसी तरह पति घर पहुंचे। घटना के बाद से उनकी तबीयत बिगड़ गई। इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

टैंकर चालक को लूटने वालों का सुराग नहीं

रविवार को एसयूवी सवार बदमाशों ने टैंकर चालक को हाइडिल चौराहे से लिफ्ट देकर कानपुर घाटमपुर ले जाने के लिए बैठाया था। साठ हजार रुपये लूट लिए और आलू के खेत में फेंक दिया। पुलिस को सुराग नहीं मिला।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को देख रहे हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं। पत्रकारिता में 25 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। सिटी टीम का नेतृत्व भी किया। बीकॉम में ग्रेजुएट और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर रिपोर्टिंग भी की है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।