मां से मांगी दर्द की दवा, मां ने जो दवा दी वो दुर्भाग्य से चूहा मारने की पुड़िया थी
लखनऊ में शुक्रवार सुबह दर्द की दवा समझकर चूहे मारने की दवा खाने से 15 साल की किशोरी की मौत हो गई। सिर में दर्द होने पर किशोरी ने मां से दवा मांगी थी। मां के कहने पर उसने किचन में रखे डिब्बे से पुड़िया निकालकर दवा खा ली। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई।

UP News: यूपी के लखनऊ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां दर्द की दवा समझकर एक किशोरी ने चूहे मारने की दवा खा ली। इससे उसकी मौत हो गई। उधर, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं, इस घटना से क्षेत्र में सनसनी मच गई।
ये घटना रहीमाबाद थाना क्षेत्र का है। सुरगौला गांव के रहने वाले किसान रामपाल की बेटी 15 साल की बेटी शेजल को शुक्रवार सुबह सिर में दर्द था। उसने मां जानकी से दवा मांगी। मां ने किचन के ऊपर रखे डिब्बे से दवा निकाल कर खाने को कहा। शेजल ने डिब्बे से एक पुड़िया निकाली और उसमें रखी दवा खा ली। कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी, उल्टी होने लगी और वह बेहोश होने लगी। घबराए परिजन उसे पास के निजी अस्पताल ले गए।
डॉक्टरों ने पूछा कि छात्रा ने कौन सी दवा खाई है, तो परिजनों ने घर जाकर डिब्बे की जांच की। पिता रामपाल ने देखा कि बेटी ने दर्द की गोली की जगह गलती से चूहे मारने की दवा खा ली थी। परिजनों ने डॉक्टरों को इसकी जानकारी दी। हालत गंभीर होने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलिहाबाद रेफर किया गया। परिजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद शेजल को मृत घोषित कर दिया। इस मामले में पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गांव में घटना से शोक का माहौल है।
मायके से नहीं आई पत्नी,युवक ने जहर खाकर दी जान
उधर, कानपुर देहात के चंदकुरा मंगलपुर के रहने वाले 35 साल के रिंकू की पत्नी ऊषा देवी 2 महीने पहले आपसी विवाद के बाद गुस्से में अपने मायके गजान चली गई थी। उसके वापस नहीं आने पर गुरुवार रात में रिंकू गुस्से में आकर जहरीला पदार्थ खा लिया। जिससे उसकी मौत हो गई। जानकारी होते ही उनके घर में कोहराम मच गया। बेटे की मौत से उसकी मां मीना देवी बेहाल हो गई। जबकि बेटे मयंक और दो बेटियों शिवानी, छोटी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
उधर, सूचना पर इस्पेक्टर मंगलपुर प्रवीण कुमार ने गांव पहुंचकर परिजनों से पूछताछ और छानबीन की। फॉरेंसिक टीम के साक्ष्य संकलन के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, इंस्पेक्टर मंगलपुर ने बताया कि गृह कलह में घटना होने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई होगी।


