यूपी में शिक्षक समायोजन में बड़ी गड़बड़ी, जिस विषय के छात्र नहीं वहीं भेज दिए गए टीचर

मुख्य संवाददाता, प्रयागराज
Follow us on Google News
share

राजकीय विद्यालयों के शिक्षकों के समायोजन के नाम पर जमकर मनमानी की गई है। ट्रांसफर आदेश में तमाम स्कूलों में उन विषयों के शिक्षकों की भी तैनाती कर दी गई जिन विषयों के एक भी छात्र नहीं है। इस मनमानी के खिलाफ शिक्षकों ने हाईकोर्ट में याचिकाएं की हैं।

Teachers were sent to subjects where there were no students
शिक्षक समायोजन में बड़ी गड़बड़ी

यूपी के राजकीय विद्यालयों के शिक्षकों के समायोजन के नाम पर जमकर मनमानी की गई है। 30 जून को जारी ट्रांसफर आदेश में तमाम स्कूलों में उन विषयों के शिक्षकों की भी तैनाती कर दी गई जिन विषयों के एक भी छात्र नहीं है। इस मनमानी के खिलाफ आधा दर्जन से अधिक टीचरों ने हाईकोर्ट में याचिकाएं की हैं।

राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नंदौत फूलपुर प्रयागराज के वाणिज्य विषय के शिक्षक पीयूष कुमार सिंह का तबादला राजकीय हाईस्कूल कन्हौरा सोनभद्र में 30 जून को किया गया था। उस स्कूल में कुल 61 विद्यार्थियों के सापेक्ष तीन शिक्षक पहले से कार्यरत हैं। यहां कॉमर्स विषय में एक भी छात्र नहीं है उसके बावजूद पीयूष कुमार सिंह को भेज दिया गया। इसी प्रकार राजकीय हाईस्कूल एकारी फतेहपुर के वाणिज्य विषय के शिक्षक अतुल तिवारी का स्थानान्तरण राजकीय इंटर कॉलेज सीतापुर और राजकीय हाईस्कूल अकबरपुर चौराही फतेहपुर के वाणिज्य शिक्षक का तबादला राजकीय इंटर कॉलेज हरदोई किया गया।

मजे की बात है कि इन दोनों स्कूल में भी वाणिज्य विषय में कोई छात्र पंजीकृत नहीं है। यदि इन तीनों शिक्षकों को पूर्व के विद्यालयों में सरप्लस होने के आधार पर स्थानान्तरित किया गया तो कम से कम उन स्कूलों में भेजा जाता जहां पढ़ने के लिए वाणिज्य विषय के छात्र होते। इन तीनों शिक्षकों की याचिका पर सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने माध्यमिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल को नियमानुसार इनके प्रत्यावेदन निस्तारित करने का निर्देश दिया है। इसी प्रकार पंडित दीन दयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज अमिलिया सिकरा सुल्तानपुर की प्रवक्ता इतिहास पूजा सिंह और राजकीय सैनिक इंटर कॉलेज लखनऊ की प्रवक्ता इतिहास निर्मिता उपाध्याय का स्थानान्तरण 30 जून को राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज लखनऊ में कर दिया गया जबकि यहां इंटर में कोई छात्र इतिहास विषय में पंजीकृत नहीं है।

669 पंजीकृत विद्यार्थी और शिक्षक सिर्फ चार

पंडित दीन दयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज टेढ़ा हमीपुर में 669 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। यहां सात प्रवक्ता और तीन सहायक अध्यापक कार्यरत थे। अफसरों ने चार प्रवक्ता और दो सहायक अध्यापकों का तबादला कर दिया और 669 बच्चों को पढ़ाने की जिम्मेदारी अब चार शिक्षकों पर है। यहां के प्रवक्ता गणित दुर्गेश पांडेय को जीआईसी प्रयागराज, प्रवक्ता अर्थशास्त्र कमल सिंह को पं. दीन दयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज समहन उरुवा मेजा, प्रवक्ता जीव गौरव तिवारी को जीआईसी अलुहापुर सरेसा उन्नाव और प्रवक्ता अंग्रेजी प्रवेश कुमार को राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज लखनऊ भेजा गया है। यहीं के सहायक अध्यापक डॉ. राजेन्द्र सिंह और प्रमोद कुमार पटेल का तबादला क्रमश: जीआईसी हमीरपुर और राजकीय हाईस्कूल अंदौली फतेहपुर कर दिया गया है।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsशिक्षक समायोजन में बड़ी गड़बड़ी, जिस विषय के छात्र नहीं वहीं भेज दिए गए टीचर