
यूपी के संस्कृत महाविद्यालयों में शिक्षक भर्ती पर लगी रोक, जारी हुआ ये आदेश
संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलसचिव राकेश कुमार की ओर से दस अक्तूबर के आदेश में खाली पदों पर चल रही नियुक्ति प्रक्रिया को भी शासन के आदेश प्राप्त होने तक स्थगित कर दी गई है। जिन संस्कृत महाविद्यालयों को विषय-विशेषज्ञ प्रदान कर दिया गया है, उन्हीं की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
Teachers Recruitment: सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय से संबद्ध और मान्यता प्राप्त उत्तर प्रदेश के 403 अशासकीय सहायता प्राप्त संस्कृत महाविद्यालयों में प्राचार्य, अध्यापक या प्रवक्ता आदि की भर्ती पर रोक लगा दी गई है। संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलसचिव राकेश कुमार की ओर से दस अक्तूबर के आदेश में रिक्त पदों पर चल रही नियुक्ति प्रक्रिया को भी शासन के आदेश प्राप्त होने तक स्थगित कर दी गई है। जिन संस्कृत महाविद्यालयों को विषय-विशेषज्ञ प्रदान कर दिया गया है, उन्हीं की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इन महाविद्यालयों में विज्ञापन और नियुक्ति प्रक्रिया में एकरूपता और पारदर्शिता लाने के संबंध में माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक सितंबर को हुई बैठक में निर्देश दिए गए थे।

माध्यमिक शिक्षा निदेशालय को निर्देशित किया गया था कि नियुक्ति से पहले सम्पूर्णानन्द संस्कृत विवि वाराणसी से स्वीकृत जनशक्ति/पदों/ रिक्त पदों की सूची तथा छात्र-शिक्षक अनुपात आदि का विधिवत मिलान कर लिया जाए। मिलान के बाद ही जिला विद्यालय निरीक्षक संस्कृत महाविद्यालयों में स्वीकृत जनशक्ति/सृजित/ रिक्त पदों की परिपुष्टि (सत्यापन) आदि की कार्यवाही करेंगे। मिलान और सत्यापन के बाद नियुक्ति की कार्यवाही संबंधी प्रावधान प्रक्रिया में सरलता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुनरीक्षण के लिए प्रस्ताव तथा भर्ती में एकरूपता के उद्देश्य से विज्ञापन आदि का मानक प्रारूप भी निर्धारित कर माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के अफसरों को शासन को तत्काल भेजने के निर्देश दिए गए हैं। गौरतलब है कि प्रदेश के 570 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में भर्ती पर पहले से रोक लगी है।
अभ्यर्थी खुद चुन सकेंगे परीक्षा तिथि, शहर और समय
उधर, एसएससी ने अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कंबाइंड हायर सेकेंडरी लेवल (सीएचएसएल) 2025 परीक्षा के लिए स्वयं स्लॉट चयन (सेल्फ-स्लॉट सेलेक्शन) की सुविधा शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत अभ्यर्थी अपनी परीक्षा तिथि, शहर और समय (शिफ्ट) खुद चुन सकेंगे। 12 नवंबर से शुरू हो रही सीएचएसएल टियर-वन परीक्षा से पहले 22 से 28 अक्तूबर के बीच अभ्यर्थी पोर्टल में लॉगिन करके ये विकल्प दर्ज कर सकेंगे। अभ्यर्थियों को आवेदन के समय चुने गए तीन शहरों में से किसी एक शहर में उपलब्ध स्लॉट की जानकारी दी जाएगी। उसी शहर में उपलब्ध तिथि और शिफ्ट में से अपनी पसंद के अनुसार चयन किया जा सकेगा। क्षेत्रीय भाषाओं में परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों को विकल्प सीमित हो सकते हैं।
यदि किसी अभ्यर्थी द्वारा पहले से चुने गए तीनों शहरों में सभी स्लॉट भर जाते हैं, तो आयोग एक वैकल्पिक शहरों की सूची देगा। अभ्यर्थी उस सूची से किसी एक शहर को चुन सकते हैं। हालांकि, उस स्थिति में उन्हें तिथि और शिफ्ट का विकल्प नहीं मिलेगा। एक बार विकल्प चुनने के बाद कोई बदलाव स्वीकार नहीं होगा। जो अभ्यर्थी 22 से 28 अक्तूबर के बीच स्लॉट नहीं चुनेंगे तो यह मान लिया जाएगा कि वे परीक्षा में शामिल नहीं होना चाहते। विकल्प चयन की प्रक्रिया को समझने के लिए विस्तृत गाइड डॉक्यूमेंट और स्क्रीनशॉट सहित जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाएगी।





