15 साल की लड़की से रेप करने वाले टीचर को 25 साल की सजा, सात माह में फैसला
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में 15 साल की लड़की से रेप करने वाले टीचर को 25 साल की सजा सुनाई गई है। इसके साथ ही अदालत ने दोषी पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

यूपी के बिजनौर में घर पर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने आए शिक्षक द्वारा 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म करने के मामले में पॉक्सो कोर्ट की विशेष न्यायाधीश कल्पना पांडे ने अभियुक्त सुनील कुमार को दोषी करार देते हुए 25 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना अदा नहीं करने पर उसे एक वर्ष का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। अदालत ने पीड़िता को डेढ़ लाख रुपये प्रतिकर देने के लिए विधिक सेवा प्राधिकरण, बिजनौर को आदेशित किया है।
विशेष लोक अभियोजक योगेंद्र सिंह ने बताया कि शिवालाकलां थाना क्षेत्र निवासी व्यक्ति ने मुकदमा दर्ज कराया था कि 21 जनवरी 2026 की शाम करीब चार बजे सुनील कुमार पुत्र मामचंद उसके घर पर 15 वर्षीय बेटी और गांव के अन्य बच्चों को पढ़ाने आया था। शाम करीब पांच बजे ट्यूशन की छुट्टी होने पर आरोपी ने अन्य बच्चों को घर भेज दिया, लेकिन किशोरी को वहीं रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद उसने किशोरी के साथ बदसलूकी करते हुए दुष्कर्म किया। किशोरी के शोर मचाने पर उसकी बड़ी बहन मौके पर पहुंची और उसे आरोपी से बचाया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया और मजिस्ट्रेट के समक्ष उसके बयान दर्ज कराए। पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। विवेचना पूरी करने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ पॉक्सो कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया।
सात महीने में किया मुकदमे का फैसला
पॉक्सो कोर्ट में मामले की सुनवाई करीब सात महीने चली। अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर सुनील कुमार को दोषी करार देते हुए 25 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई। साथ ही 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। जुर्माना जमा नहीं करने पर एक वर्ष का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। अदालत ने पीड़िता को राहत देने के लिए विधिक सेवा प्राधिकरण, बिजनौर को डेढ़ लाख रुपये प्रतिकर के रूप में अदा करने का भी आदेश दिया है।

