संभल के बाद फिरोजाबाद में टीचर का टॉर्चर; 4 साल के छात्र की आंख में पेंसिल घोंपने का आरोप

लाइव हिन्दुस्तान, फिरोजाबाद
Follow us on Google News
share

फिरोजाबाद के निजी स्कूल में दो सगे भाइयों के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। पिता की शिकायत पर पुलिस ने स्कूल निदेशक, मैनेजर और दो शिक्षिकाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि चार वर्षीय छात्र की आंख में शिक्षिका ने पेंसिल मार दी, जबकि बड़े भाई की पिटाई से उसके कान में गंभीर चोट आई

School teacher in Firozabad accused of stabbing 4-year-old child in the eye with a pencil
फिरोजाबाद में स्कूल शिक्षिका पर 4 साल के बच्चे की आंख में पेंसिल घोंपने का आरोप

यूपी में शिक्षकों की बर्बरता और अमानवीयता के मामले थमते नहीं दिख हैं। पहले संभल और अब फिरोजाबाद के निजी स्कूल में दो सगे भाइयों के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता की शिकायत पर थाना उत्तर पुलिस ने स्कूल के निदेशक, मैनेजर और दो शिक्षिकाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि चार वर्षीय छात्र की आंख में शिक्षिका ने पेंसिल मार दी, जबकि उसके बड़े भाई की पिटाई से कान में गंभीर चोट आई।

बच्चे की आंखे का ऑपरेशन कराना पड़ा

श्रीराम कॉलोनी निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका चार वर्षीय बेटा अनमोल स्कूल में एलकेजी का छात्र है। आरोप है कि 6 जुलाई को कक्षा के दौरान शिक्षिका काजल ने उसकी आंख में पेंसिल मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन पहले उसे स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने नई दिल्ली स्थित एम्स रेफर कर दिया। वहां बच्चे की आंख का ऑपरेशन किया गया। शिकायत में स्कूल मैनेजर पर भी बच्चे के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।

बड़े बेटे से भी मारपीट का आरोप

पीड़ित पिता का कहना है कि छोटे बेटे के इलाज के बाद उन्हें पता चला कि उनके पांच वर्षीय बड़े बेटे आर्यन के साथ भी स्कूल में मारपीट की गई थी। आरोप है कि शिक्षिका ने उसकी पिटाई की, जिससे उसके कान में गंभीर चोट आई और खून निकलने लगा। मनोज कुमार के अनुसार, घटना की सच्चाई जानने के लिए उन्होंने स्कूल प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की, लेकिन प्रबंधन ने फुटेज डिलीट होने की बात कही। उनका यह भी आरोप है कि जब उन्होंने विरोध किया तो स्कूल निदेशक ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी।

स्कूल निदेशक समेत 4 पर केस

पीड़ित की शिकायत के आधार पर थाना उत्तर पुलिस ने स्कूल निदेशक, मैनेजर और शिक्षिकाओं के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि दोनों बच्चों की मेडिकल रिपोर्ट मंगाई गई है और सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले संभल में एक शिक्षिका के जोरदार थप्पड़ से मासूम छात्र का दांत टूटकर गिर गया था।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsफिरोजाबाद में टीचर का टॉर्चर; 4 साल के छात्र की आंख में पेंसिल घोंपने का आरोप