हिंदूवादी महिला नेता की हत्या का टास्क; आजमगढ़ से ATS ने संदिग्ध आतंकी को दबोचा, पाकिस्तान से जुड़े तार

हिन्दुस्तान, हिन्दुस्तान टीम, लखनऊ/आजमगढ़
Follow us on Google News
share

एटीएस ने आजमगढ़ निवासी मोहम्मद शेख को गिरफ्तार कर पाकिस्तान के गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आईएसआई से जुड़े एक मॉड्यूल का खुलासा किया है। आरोपी के पास से 9 एमएम पिस्टल और कारतूस बरामद हुए हैं। जांच में सामने आया कि उसे एक महिला नेता की हत्या का टास्क दिया गया था। 

हिंदूवादी महिला नेता की हत्या का टास्क; आजमगढ़ से ATS ने संदिग्ध आतंकी को दबोचा, पाकिस्तान से जुड़े तार

आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने पाकिस्तानी शहजाद भट्टी और आईएसआई के लिए काम कर रहा एक और माड्यूल पकड़ा है। इंस्टाग्राम के जरिए पाकिस्तानी गैंगस्टर के संपर्क में आकर देश विरोधी षड्यंत्रों में शामिल संदिग्ध आतंकी आजमगढ़ निवासी मो. शेख को गिरफ्तार किया गया है। एटीएस अधिकारियों के अनुसार शहजाद भट्टी ने आरोपी शेख को एक अन्य राज्य की हिंदूवादी महिला नेता की हत्या का टास्क सौंपा था। एटीएस ने आजमगढ़ से पकड़े गए आरोपी के कब्जे से नाइन एमएम पिस्टल, चार कारतूस व मोबाइल फोन बरामद किया है। उसके संपर्क में रहे अन्य युवकों को लेकर भी छानबीन की जा रही है।

मो. शेख के पिता हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं

एटीएस आरोपी को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेने के लिए जल्द कोर्ट में अर्जी दाखिल करेगी ताकि उससे पूछताछ कर अन्य आरोपितों तक पहुंचा जा सके। एटीएस के अनुसार मो. शेख के पिता रेहान अहमद की हार्डवेयर की दुकान है। हाईस्कूल तक पढ़ा शेख पिता की दुकान में बैठता था। आईएसआई की शह पर पाकिस्तानी गैंगेस्टर भारत के युवकों को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म के माध्यम से जोड़ रहे हैं और उन्हें रुपयों का लालच देकर और धार्मिक भावनाओं को भड़का स्लीपर सेल बना रहे हैं।

गैंगस्टर शहजाद भट्टी तैयार कर रहा स्लीपर सेल मॉड्यूल

एटीएस ने पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी द्वारा तैयार किए जा रहे स्लीपर सेल मॉड्यूल के मामले में सबसे पहले 23 अप्रैल को तुषार चौहान उर्फ हिजबुल्ला और समीर खान को नोएडा से पकड़ा था। इनके बाद दो और संदिग्ध आतंकियों बाराबंकी निवासी दानियाल अशरफ और कुशीनगर के कृष्णा मिश्रा को गिरफ्तार किया गया। आजमगढ़ से मंगलवार को पकड़ा गया संदिग्ध आतंकी मो. शेख पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और उसके गिरोह के सदस्यों के पाकिस्तान व दुबई के मोबाइल नंबरों से व्हाट्सप के माध्यम से जुड़ा था।

युवाओं को आतंकी मॉड्यूल से जुड़ने के लिए उकसा रहा था

एटीएस के अनुसार, आरोपी उनकी विचारधारा से प्रभावित होकर जेहाद की बातें करता था तथा अपने अन्य साथियों को भी इस आतंकी माड्यूल से जुड़ने के लिए उकसा रहा था। मो. शेख को शहजाद भाट्टी के अलावा उसके गिरोह के अजमल गुर्जर और रजा पाकिस्तानी भी हैंडल कर रहे थे। पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों ने आरोपी मो.शेख को ट्रायल के तौर पर एक अन्य राज्य की राजनीतिक पार्टी की नेत्री को धमकाने और उनकी हत्या करने का टास्क सौंपा था। कहा गया था कि इसके बाद उसे बड़े मिशन में शामिल किया जाएगा। आरोपी के विरुद्ध एटीएस के थाने में विधि विरुद्ध क्रियाकलाप निवारण अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को आजमगढ़ से गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।

रेकी और अफसरों की हत्या के टास्क दिए गए

षड्यंत्र के तहत ऐसे कई युवकों को आतंकी गैंग ने कुछ प्रमुख व्यक्तियों और संस्थानों की रेकी करने, उनकी हत्या करने तथा राजनैतिक पार्टी के कार्यालय को बम से उडाने, पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों की हत्या करने जैसे अलग-अलग टास्क सौंपे जा रहे हैं। इस नेटवर्क की पड़ताल में आरोपी शेख भी पकड़ा गया।

ऐसे इंटरनेट मीडिया को बनाया जा रहा हथियार

पाकिस्तान में बैठे आतंकी किसी एक युवक को जोड़ने के बाद उसे कट्टरपंथी विचारधारा के अन्य युवकों को भी जोड़ने पर बड़े टास्क सौंपे जाने का प्रलोभन देते हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का कहना है कि आतंकी संगठन इंस्टा, टेलीग्राम और सोशल मीडिया पर भारतीय युवकों की गतिविधियों पर साइबर एक्सपर्टों की मदद से नजर रखते हैं और कट्टरपंथी विचारधारा के युवकों को खासकर निशाना बनाया जाता है।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।