गलती से मेरठ पहुंचे तमिलनाडु के युवक से लूट; विरोध पर बदमाशों ने पीटा, पोलैंड से भारत लौटा है
पोलैंड से भारत लौटे तमिलनाडु निवासी पीराभरन बाला सिंघम गलत ट्रेन में बैठकर मेरठ पहुंच गए। सिटी स्टेशन के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने उनसे सोने की चेन और 4500 रुपये लूट लिए। पीड़ित ने सेना के जवानों से मदद मांगी। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

पोलैंड से भारत लौटे तमिलनाडु के एक युवक के साथ मेरठ में लूट की वारदात सामने आई है। युवक गलत ट्रेन में बैठकर मेरठ पहुंच गया था, जहां रेलवे स्टेशन के बाहर बदमाशों ने उसे निशाना बनाते हुए सोने की चेन और नकदी लूट ली। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।जानकारी के अनुसार, पीराभरन बाला सिंघम तमिलनाडु के पारावाकोट्टई क्षेत्र का निवासी है। वर्ष 2022 में उसने पासपोर्ट बनवाया था। इसके बाद सितंबर 2023 में वह रोजगार के लिए यूरोप चला गया। वहां उसने हंगरी, जर्मनी, फ्रांस और पोलैंड में काम किया। वर्क परमिट समाप्त होने के बाद उसे भारत वापस भेज दिया गया।
शराब के नशे में तमिलनाडु की बजाय मेरठ की ट्रेन में बैठा
दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद पीराभरन को तमिलनाडु के लिए ट्रेन पकड़नी थी, लेकिन कथित तौर पर शराब के नशे में वह गलती से मेरठ जाने वाली ट्रेन में सवार हो गया। 31 मई की देर रात वह मेरठ सिटी रेलवे स्टेशन पहुंचा। स्टेशन पर उतरने के बाद उसे अपनी गलती का एहसास हुआ और वह बाहर निकलकर जानकारी लेने लगा। आरोप है कि इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश उसके पास पहुंचे और उस पर हमला कर दिया। बदमाशों ने उसकी सोने की चेन और 4500 रुपये नकद लूट लिए। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसकी शर्ट भी फाड़ दी गई। किसी तरह बदमाशों के चंगुल से बचकर पीराभरन पास स्थित सैन्य क्षेत्र में ड्यूटी कर रहे जवानों के पास पहुंचा और मदद मांगी।
पुलिस, सेना और खुफिया विभाग ने सत्यापन किया
जवानों ने तत्काल रेलवे रोड पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित को अपने साथ ले गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए आर्मी इंटेलिजेंस और खुफिया विभाग की टीम ने भी युवक से पूछताछ की। अधिकारियों ने उसके दस्तावेजों की जांच की और उसके पते का सत्यापन किया। साथ ही उसकी पत्नी से फोन पर संपर्क कर पूरी जानकारी हासिल की गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में जांच की जा रही है। स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने की उम्मीद है।


