बुर्का पहनकर किया था जलाभिषेक, अब तमन्ना और उसके पति अमन त्यागी को मिली जान से मारने की धमकी
बुर्का पहनकर कांवड़ लानेजलाभिषेक कर चर्चा में आई तमन्ना और उसके पति को अब जान से मारने की धमकी मिली है। सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मिल रही धमकियों से डरी पीड़िता ने थाने पहुंचकर तहरीर दी है।

हरिद्वार से बुर्का पहनकर कांवड़ लाने और संभल के क्षेमनाथ तीर्थ पर जलाभिषेक कर चर्चा में आई तमन्ना और उसके पति को अब जान से मारने की धमकी मिली है। सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मिल रही धमकियों से डरी पीड़िता ने बुधवार को असमोली थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थानाक्षेत्र के गांव बदनपुर बसई निवासी मुस्लिम महिला तमन्ना ने तीन वर्ष पहले गांव के ही अमन त्यागी से प्रेम विवाह किया था। तमन्ना का कहना है कि मन की मुराद पूरी होने पर वह आस्था के वशीभूत होकर पति के साथ हरिद्वार गई थी और वहां से कांवड़ लेकर आई थी। संभल के प्रसिद्ध क्षेमनाथ तीर्थ पर जलाभिषेक के दौरान बुर्के में उसकी तस्वीरों और वीडियो ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरी थीं। इस मामले ने काफी तूल पकड़ा था। इस पर कई मौलानाओं और राजनीतिक दलों के नेताओं ने तरह-तरह के बयान जारी किए थे। अब पीड़िता का आरोप है कि इसी बात को लेकर उसे सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।
बुधवार को पीड़िता ने थाने पहुंचकर सुरक्षा की गुहार लगाई। थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। धमकी देने वाले सोशल मीडिया हैंडल्स की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।
क्या है मामला
बुर्का पहनकर क्षेमनाथ तीर्थ पहुंची तमन्ना मलिक ने रविवार को पति अमन त्यागी के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया था। हरिद्वार से कांवड़ लेकर आईं तमन्ना मलिक भारी पुलिस सुरक्षा के बीच मंदिर पहुंचीं, जहां 'हर-हर महादेव' के जयकारों के साथ उन्होंने पूजन संपन्न किया। मंदिर के महंत बाबा बाल योगी दीनानाथ ने मंदिर में पूजन कराया। जलाभिषेक के दौरान भी तमन्ना बुर्का पहने रही। इस दौरान हर हर महादेव का जयकारा गूंजा। जलाभिषेक के बाद पुलिस सुरक्षा में ही घर पहुंचाया गया। जलाभिषेक करने के बाद तमन्ना ने कहा कि वह हरिद्वार से कांवड़ लेकर आई है, और अब संभल के तीर्थों की परिक्रमा भी करेगी। उधर संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन पूरी सावधानी बरत रहा है।
सुरक्षा घेरे में हुआ था जलाभिषेक
तमन्ना के मंदिर पहुंचने की सूचना पर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच उन्हें मंदिर ले जाया गया और जलाभिषेक के बाद सुरक्षित वापस घर छोड़ा गया। पुलिस का कहना था कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा ही थी।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

