माथे पर तिलक, चेहरे पर बुर्का…कांवड़ लेकर निकली तमन्ना का शिवभक्तों ने किया स्वागत

Feb 14, 2026 10:10 am ISTPawan Kumar Sharma संवाददाता, अमरोहा
share

यूपी में गंगा-जमुना की तहजीब देखने को मिली। दरअसल, मुस्लिम से हिंदू बनी तमन्ना मलिक बुर्का पहन कांवड़ लेकर अमरोहा की सीमा से गुजरी तो उसका जगह-जगह स्वागत किया गया। युवती के माथे पर तिलक था और वह कांवड़ियों के संग चल रही थी। 

माथे पर तिलक, चेहरे पर बुर्का…कांवड़ लेकर निकली तमन्ना का शिवभक्तों ने किया स्वागत

यूपी के अमरोहा में गंगा-जमुना की तहजीब देखने को मिली। दरअसल, मुस्लिम से हिंदू बनी तमन्ना मलिक बुर्का पहन कांवड़ लेकर जिले की सीमा से गुजरी तो उसका जगह-जगह स्वागत किया गया। स्थानीय लोगों ने विभिन्न स्थानों पर तमन्ना व उसके साथ चल रहे शिवभक्तों के जत्थे का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।

पुलिस-प्रशासन ने भी मामले की संवेदनशीलता को देख कड़ी सुरक्षा के बीच जत्थे को आगे की ओर रवाना कराया। शुक्रवार को संभल जिले के बदनपुर वसई गांव की रहने वाली तमन्ना मलिक बुर्का पहन और तिलक लगाकर कांवड़ लिए जिले की सीमा से गुजरी। इसके बाद हरकत में आई नौगावां सादात पुलिस ने जत्थे की सुरक्षा को लेकर कवायद शुरू कर दी। जैसे ही शिवभक्तों के जत्थे ने जिले की सीमा में प्रवेश किया,वैसे ही पुलिसकर्मियों ने जत्थे को कड़ी सुरक्षा के बीच अपनी सीमा से आगे निकाला।

जत्थे में शामिल मुस्लिम युवती का नाम साथ चल रहे शिवभक्तों ने संभल जिले की निवासी तमन्ना मलिक बताया। बताया कि वह बुर्का पहन हरिद्वार से कांवड़ ला रही है। बुर्का पहने तमन्ना ने माथे पर तिलक भी लगा रखा था। तमन्ना से जुड़े फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर साझा हुए तो हर ओर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।

कल मनाई जाएगी महाशिवरात्रि

रविवार को महाशिवरात्रि पर्व मनाया जाना है। उत्साहित शिवभक्त हरिद्वार से कांवड़ में गंगा जल लाकर शिवालयों में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे, इसे लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। बम-बम भोले के जयकारों के साथ कांवड़िये हरिद्वार से तेजी संग वापस लौट रहे हैं। पुलिस ने इसके मद्देनजर हाईवे समेत मंडी धनौरा मार्ग पर सुरक्षा बढ़ा दी है। भारी वाहनों को रोकने के साथ ही हल्के वाहनों का रूट भी डायवर्ट किया है। फिलहाल नेशनल हाईवे पर भी ट्रैफिक वन-वे चल रहा है। शिवभक्त नाचते-गाते मंजिल की ओर बढ़ रहे हैं। सड़कों पर हर तरफ बम-बम भोले का जयघोष गूंज रहा है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार के मुताबिक पुलिस रातभर यात्रा मार्ग पर गश्त कर ही है, कांवड़ियों की सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।

बदायूं में एसएसएपी ने कांवड़ मार्गों का लिया जायजा

एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने महाशिवरात्रि पर्व लेकर शुक्रवार को कछला गंगा घाट और कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए और ड्यूटी में लगे कर्मियों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई।

एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह के साथ एसपी सिटी विजयेंद्र द्विवेदी ने सीओ उझानी डॉ. देवेंद्र कुमार और प्रभारी निरीक्षक उझानी प्रवीण कुमार के साथ कछला गंगा घाट और कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों और कर्मियों को कांवड़ियों और महिला श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर सतर्क रहने और ड्यूटी में लगे सभी कर्मियों को आवश्यक आदेश देने की हिदायत दी गई।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।