
फिर विवादित बयान देने लगे स्वामी प्रसाद मौर्य, बाबा बागेश्वर धीरेंद्र शास्त्री को ढोंगी और देशद्रोही बताया
स्वामी प्रसाद मौर्य ने बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें देशद्रोही और संविधानद्रोही करार दिया है। उन्होंने कहा कि हिंदू राष्ट्र की मांग करना देश के साथ गद्दारी है। उनके इस बयान के बाद से सियासी हलचल तेज हो गई है।
अपनी जनता पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री पर हमला बोलते हुए उन्हें देशद्रोही बताया और यहां तक कहा कि हिंदू राष्ट्र की मांग करना गद्दारी है। स्वामी प्रसाद मौर्य के इस बयान के बाद सियासी हलचल बढ़ गई है।

स्वामी प्रसाद मौर्य ने बागेश्वर धाम द्वारा हिंदू राष्ट को लेकर निकाली जा रही यात्रा पर तीखा बयान दिया है। उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, "बाबा बागेश्वर बाबा के रूप में बहुत बड़ा ढोंगी और अराजक तत्व है। यूं कह लीजिए वह देशद्रोही और संविधानद्रोही भी है। जिसे जेल की सलाखों में होना चाहिए। भारतीय जनता पार्टी उसका महिमा मंडन कर रही है और पूरे देश में यात्रा करवा रही है। इसके पीछे भी भाजपा का हाथ है। हिंदू राष्ट की मांग करना देश के साथ गद्दारी और मक्कारी है। ऐसे गद्दारों को जेल की सलाखों में रहना चाहिए। लेकिन भाजपा उन पर मेहरबान है। इसलिए गद्दारों से यात्रा करवा रही है। मैं इसकी घोर निंदा करता हूं।"
जय श्री राम का नारा अराजकता फैलाने का लाइसेंस बन गया है
इससे पहले स्वामी प्रसाद मौर्य ने जय श्री राम को लेकर बयान दिया था। उन्होंने 1 नवंबर को कहा था कि कुछ अराजक तत्वों के लिए 'जय श्री राम' का नारा अराजकता फैलाने का लाइसेंस बन गया है। उधर, दरअसल स्वामी प्रसाद मौर्य ने किसी का नाम लिये बगैर कहा, “स्वाभाविक रूप से आज धर्म के नाम पर देश में उन्माद पैदा करना, हिन्दू-मुसलमान के साथ भेदभाव करना, हिन्दू-मुसलमान के नाम पर देश को बांटने की घटिया राजनीति करना आज लोगों का स्लोगन बन गया है।”
दिल्ली कार ब्लास्ट के बाद से धीरेंद्र शास्त्री की सिक्योरिटी बढ़ी
उधर, दिल्ली में हुए कार ब्लास्ट के बाद से धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन एकता पदयात्रा में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सोमवार को पदयात्रा जिला मुख्यालय पलवल स्थित नेताजी सुभाषचंद बोस स्टेडियम में रात्रि विश्राम हुआ, जहां से मंगलवार सुबह यात्रा शुरू कर मितरोल गांव में रात्रि विश्राम किया। धीरेंद्र शास्त्री ने आज एकबार फिर कहा कि हम इस्लाम के खिलाफ नहीं।



