शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने कर दी योगी की तारीफ, चंपत राय पर कड़ा स्टैंड CM की प्रशंसा का कारण

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने सीएम योगी आदित्यनाथ की तारीफ कर दी है। अविमुक्तेश्वरानंद ने अयोध्या दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि हम योगी के कड़े स्टैंड की प्रशंसा करते हैं।

Swami Avimukteshwaranand

Swami Avimukteshwaranand CM Yogi: ज्योतिष पीठ शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने सीएम योगी आदित्यनाथ की तारीफ कर दी है। कई मुद्दों पर योगी सरकार की आलोचना करते रहे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने अयोध्या दौरे के दौरान योगी के एक कड़े स्टैंड का समर्थन किया है। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने गोरक्षा यात्रा के दौरान शामली में मीडिया से बातचीत में कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ के अयोध्या दौरे के दौरान श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय उनसे दूर रहे, हम इस कदम की प्रशंसा करते हैं। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा, ‘मुख्यमंत्री ने जो निर्णय लिया कि अयोध्या दौरे के दौरान चंपत राय को मीटिंग से, अपने पास से दूर रखा, बहुत अच्छा कदम उठाया, हम इसकी प्रशंसा करते हैं।’

सीएम योगी आदित्यनाथ 19 जून को अयोध्या दौरे पर गए थे। इस दौरान श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय उनके पास नहीं दिखे। अयोध्या श्रीराम मंदिर में चढ़ावा विवाद सामने आने के बाद सीएम योगी ने ट्रस्ट के अनुरोध पर जांच के लिए तीन सदस्यीय एसआईटी (स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम) का गठन किया है। बताया जा रहा है कि एसआईटी ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट भी तैयार कर ली है। अयोध्या दौरे के दौरान सीएम योगी ने कहा था कि एसआईटी इस मामले में दूध का दूध, पानी का पानी जरूर करेगी। यदि किसी के पास कोई दस्तावेज है तो वह एसआईटी को सौंपे ताकि जांच में मदद मिले। उन्होंने सभी से अपील की थी कि एसआईटी की रिपोर्ट आने तक ऐसी कोई बयानबाजी नहीं करें जिससे रामभक्तों की भावनाओं को ठेस लगे।

गोरक्षा और धर्म एक-दूसरे के पूरक

शामली में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद महाराज ने कहा कि गोरक्षा और धर्म रक्षा एक-दूसरे के पूरक हैं। यदि सनातन संस्कृति को मजबूत बनाना है तो समाज को संगठित होकर कार्य करना होगा। उन्होंने सभी सनातनियों से जाति, क्षेत्र और भाषा के भेदभाव से ऊपर उठकर धर्म एवं संस्कृति की रक्षा के लिए उसी को वोट देने का आह्वान किया जो गोरक्षा के लिए कार्य कर सके। उन्होंने उक्त विचार गोरक्षा गविष्टि यात्रा के दौरान आयोजित धर्म सभा में व्यक्त किए।

गोरक्षा गविष्टि यात्रा पर निकले जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद महाराज का शामली में प्रवेश करने पर मेरठ करनाल हाईवे स्थित गांव लांक पुलिस चौकी के पास भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद वह शामली में एमएस फार्म में आयोजित धर्मसभा में पहुंचे। शंकराचार्य ने कहा कि गोवंश की रक्षा करने वाला ही सच्चा हिंदू है। उन्होंने कहा कि बिना गोत्र के कोई हिंदू नहीं होता और गाय को माता न मानकर पशु मानने वाले राजनीतिक दलों को जनता को वोट नहीं देना चाहिए। गोसंरक्षण एवं सनातन धर्म जागरण के उद्देश्य से ही यह गविष्टि यात्रा निकाली जा रही है। गोमाता भारतीय संस्कृति, कृषि व्यवस्था और सनातन परंपरा की आधारशिला है। इसलिए प्रत्येक सनातन धर्मावलंबी का कर्तव्य है कि वह गोसेवा और गोसंरक्षण के लिए आगे आए।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsशंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने कर दी योगी की तारीफ, चंपत पर रुख प्रशंसा का कारण