शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या में यूपी में ऐक्शन, शूटर राज सिंह अयोध्या से गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में शूटर राज सिंह को अयोध्या से गिरफ्तार किया गया है। कोलकाता पुलिस ने बिहार से मिले इनपुट्स के आधार पर लखनऊ-गोरखपुर हाईवे पर घेराबंदी कर बलिया निवासी राज सिंह को दबोचा।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस की जांच कर रही पश्चिम बंगाल पुलिस ने रविवार देर रात राम नगरी अयोध्या में छापेमारी कर मुख्य शूटर को दबोच लिया। आरोपी की गिरफ्तारी उस वक्त हुई जब वह निजी वाहन से भागने की फिराक में था।
हाईवे पर घेराबंदी कर दबोचा गया शूटर
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कोलकाता पुलिस को इनपुट मिला था कि हत्या में शामिल एक संदिग्ध शूटर लखनऊ से गोरखपुर की ओर जा रहा है। इस सटीक सूचना के आधार पर बंगाल पुलिस की टीम ने उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया। अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के बूथ नंबर चार के पास नेशनल हाईवे पर घेराबंदी की गई। जैसे ही संदिग्ध की प्राइवेट कार वहां पहुंची, पुलिस ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और युवक को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए युवक राज सिंह की पहचान उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के निवासी के रूप में हुई है।
बिहार से मिले सुराग ने खोला राज
इस गिरफ्तारी की पटकथा बिहार के बक्सर जिले से लिखी गई। बताया जाता है कि कोलकाता पुलिस ने पहले ही दो अन्य संदिग्धों को बिहार के बक्सर से हिरासत में लिया था। उनसे कड़ी पूछताछ के दौरान इस तीसरे आरोपी के बारे में पुख्ता जानकारी मिली। बक्सर से मिले इनपुट के आधार पर ही पुलिस इस शूटर की लोकेशन ट्रैक करने में सफल रही। पकड़े गए आरोपी से प्रारंभिक पूछताछ में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं, जिसके आधार पर बंगाल पुलिस इस साजिश की तह तक पहुँचने की कोशिश कर रही है।
क्या था पूरा मामला?
बीजेपी की जीत के बाद शुभेंदु अधिकारी के बेहद करीबी और उनके पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में भूचाल ला दिया था। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और राजनीतिक रंजिश को लेकर कई सवाल खड़े हुए थे। हत्या के बाद से ही आरोपी फरार थे और पुलिस की कई टीमें अलग-अलग राज्यों में छापेमारी कर रही थीं।
आगे की कार्रवाई और ट्रांजिट रिमांड
बताया जाता है कि शूटर को कोलकाता पुलिस अपने साथ लेकर चली गई है। पुलिस के आला अधिकारियों का मानना है कि इस शूटर की गिरफ्तारी से हत्या के पीछे के मास्टरमाइंड का चेहरा भी जल्द बेनकाब हो जाएगा। फिलहाल, आरोपी से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या के लिए उसे सुपारी किसने दी थी और इस वारदात में और कौन-कौन से बड़े नाम शामिल हैं।
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।
पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।


