धर्म परिवर्तन के शक में पिता ने अपने ही बेटे-बहू को पहना दी जूतों की माला, भरी पंचायत में पीटा
युवक के परिवारवालों को काफी समय से बेटा-बहू के हाव-भाव और पूजा पाठ के तौर-तरीकों को लेकर शक था। युवक और उसकी पत्नी परिवारीजनों से ज्यादा घुलते-मिलते नहीं थे। न ही ज्यादा बातचीत करते थे। इसी शक को लेकर सोमवार को पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत में दंपती से पूछताछ की गई।

UP News : यूपी के हाथरस के गांव गारवगढ़ी में सोमवार को एक पिता ने अपने एक बेटे के साथ मिलकर भरी पंचायत में दूसरे बेटे और बहू को जूते की माला पहनाई। पिता ने यह कृत्य बेटे द्वारा धर्म परिवर्तन कर लिए जाने के शक को लेकर हुए विवाद पर किया। घटना की सूचना मिलने पर मुरसान थाना पुलिस पहुंच गई और आरोपी पिता-पुत्र को हिरासत में ले लिया है। बताया जाता है कि गांव का एक युवक आगरा में रहकर मेले में झूला लगता है। परिवार को शक है कि कुछ समय पहले उसने धर्म परिवर्तन कर लिया है।
सोमवार को युवक अपनी पत्नी के साथ गांव आया था। परिवार के लोगों ने पूजा करने के बाद उसे प्रसाद दिया तो उसने नहीं खाया। इस बात को लेकर पिता-पुत्र में विवाद हो गया। विवाद के दौरान आगरा से आए बेटे ने अपने पिता के साथ मारपीट कर दी। बाद में पिता ने अपने दूसरे बेटे के साथ मिलकर आरोपी बेटे की पिटाई कर दी। जब उसकी पत्नी उसे बचाने के लिए आई तो हंगामा हो गया। ससुर ने अपनी बहू को भी पीट डाला। मामला बढ़ जाने के बाद में गांव में पंचायत हुई। पंचायत में फैसला हुआ तो दोनों बहू-बेटे को जूते की माला पहना दी गई।
ग्रामीणों का कहना है कि युवक के परिवारवालों को काफी समय से बेटा-बहू के हाव-भाव और पूजा पाठ के तौर-तरीकों को लेकर शक हो रहा था। युवक और उसकी पत्नी परिवारीजनों से ज्यादा घुलते-मिलते नहीं थे। न ही ज्यादा बातचीत करते थे। इसी शक को लेकर सोमवार को पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत में दंपती से पूछताछ की गई। इसी दौरान किसी बात को लेकर पंचायत में मौजूद पिता के कहने पर कुछ लोगों ने युवक और उसकी पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद पिता ने दोनों के गले में जूतों की माला डाल दी। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने इस घटना का वीडियो भी बनाया जो अब वायरल हो रहा है।
पुलिस ने पिता-पुत्र को हिरासत में लिया
पंचायत में दंपती के गले में जूते की माला डाले जाने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को हिरासत में ले लिया। सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची थी। आरोपी पिता-पुत्र को हिरासत में लिया गया है। पूरे मामले की जानकारी की जा रही है।
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें

