मर्डर के बाद थाने में सरेंडर; मेरठ में भतीजे ने चाची को मार डाला, बोला- आए दिन झगड़ती थीं

sandeep लाइव हिन्दुस्तान, मेरठ
share

मेरठ के हस्तिनापुर में भतीजे ने चाची पूजा त्यागी की तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मवाना थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। पुलिस ने तमंचा बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि चाची से आए दिन झगड़े के चलते भतीजे ने यह कदम उठाया।

मर्डर के बाद थाने में सरेंडर; मेरठ में भतीजे ने चाची को मार डाला, बोला- आए दिन झगड़ती थीं

मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के गणेशपुर गांव में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां 17 साल के भतीजे ने अपनी 32 वर्षीय चाची की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद मवाना थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा और खोखा कारतूस बरामद किया है।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह घर के सभी लोग अपने-अपने काम में व्यस्त थे। तभी अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही परिवार के लोग दौड़कर बेडरूम की ओर पहुंचे। वहां देखा कि पूजा त्यागी फर्श पर लहूलुहान हालत में पड़ी तड़प रही थी। इसी दौरान 17 साल का भतीजा हाथ में तमंचा लेकर घर से भागता हुआ दिखाई दिया। परिवार के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही पूजा ने दम तोड़ दिया।

Voice of UP

भतीजे ने चाची को गोली मारी

बताया जा रहा है कि आरोपी भतीजा अचानक कमरे में घुसा और चाची की कनपटी पर तमंचा सटाकर दो गोलियां मार दीं। गोली लगते ही पूजा गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी। परिवार के लोग उसे बचाने की कोशिश करते रहे, लेकिन कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। मृतका पूजा त्यागी की शादी चार साल पहले मोदीनगर निवासी धर्मेंद्र त्यागी से हुई थी। पूजा का छह महीने का एक बेटा है। घटना के समय उसका पति धर्मेंद्र बाजार में मिठाई खरीदने गया हुआ था।

धर्मेंद्र ने बताया कि वह मवाना में हलवाई की दुकान पर मिठाई ले रहा था, तभी घर से फोन आया कि पूजा को गोली मार दी गई है। वह तुरंत मिठाई वहीं छोड़कर घर पहुंचा, लेकिन तब तक उसकी पत्नी की मौत हो चुकी थी। पत्नी का शव देखकर वह बेसुध हो गया और रोते हुए कहने लगा कि भतीजे ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया।

चाची- भतीजे में आए दिन होती थी कहासुनी

परिवार के अनुसार, घर में पूजा के ससुर राजकुमार त्यागी अपने दो बेटों देवेंद्र और धर्मेंद्र के परिवार के साथ रहते हैं। धर्मेंद्र खेती करते हैं, जबकि बड़े भाई देवेंद्र सेना में तैनात हैं। देवेंद्र दो दिन पहले ही छुट्टी बिताकर ड्यूटी पर लौटे थे। आरोपी भतीजा देवेंद्र का बेटा है और अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहा था। बताया जा रहा है कि पूजा और आरोपी के बीच अक्सर किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा होता रहता था। इसी रंजिश में भतीजे ने यह कदम उठाया। वारदात के बाद वह सीधे मवाना थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया

सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसके पास से एक तमंचा और खोखा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी के पास तमंचा कहां से आया। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।