राष्ट्र ध्वज के अपमान पर यूट्यूबर के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
Sultanpur News - धम्मौर थाना क्षेत्र में एक यूट्यूबर संजय यदुवंशी ने राष्ट्र ध्वज का अपमान करते हुए वीडियो अपलोड किया। पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए उसके खिलाफ राष्ट्र गौरव अधिनियम की धारा 02 के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।

कुड़वार, संवाददाता। यूट्यूबर द्वारा राष्ट्र ध्वज का अपमान करने का मामला प्रकाश में आने पर पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए यूट्यूबर के खिलाफ राष्ट्र गौरव अधिनियम की धारा 02 के तहत धम्मौर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। लोगों में रील बनाने का नशा इस कदर छा गया है कि राष्ट्रीय प्रतीक का भी अपमान करने से गुरेज नहीं कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला धम्मौर थाना क्षेत्र में रविवार को प्रकाश में आया। बता दें कि संजय यदुवंशी उर्फ सत्तू पुत्र सियाराम यादव निवासी अहिरन का पुरवा उघरपुर द्वारा यूट्यूब चैनल पर राष्ट्र ध्वज का अपमान करते हुए उससे मोटरसाइकिल पोंछ कर फेंकते हुए वीडियो अपलोड किया गया था।
जिसका संज्ञान लेते हुए धम्मौर थाने के उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार तिवारी ने थाने पर तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। उपनिरीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने यूट्यूबर संजय यदुवंशी सहित उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सीओ सिटी सौरभ सामंत ने बताया कि उपनिरीक्षक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही शुरू की गई है। प्रभारी निरीक्षक धम्मौर विपेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


