सुलतानपुर-टांटियानगर में अर्द्धविक्षिप्त व्यक्ति का शव मिला
Sultanpur News - गोसाईगंज के टांटियानगर चौकी के पास एक अज्ञात अर्द्धविक्षिप्त व्यक्ति का शव मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को मोर्चरी में रखवाया। मृतक अर्धनग्न अवस्था में था और उसकी पहचान नहीं हो सकी है। प्रारंभिक...

गोसाईगंज, संवाददाता। गोसाईगंज थाना क्षेत्र के टांटियानगर चौकी से कुछ दूरी पर शुक्रवार सुबह एक अज्ञात अर्द्धविक्षिप्त व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचायतनामा भरने के बाद शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे टांटियानगर चौकी के करीब सैनिक ढाबे के सामने खाली पड़ी जमीन पर एक व्यक्ति का शव पड़ा देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी। चौकी इंचार्ज गुलाबचंद्र पाल और हेड कांस्टेबल विकास त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। मृतक अर्धनग्न अवस्था में पड़ा था। उसने काले और सफेद रंग की धारीदार टीशर्ट पहन रखी थी।
चौकी इंचार्ज ने बताया कि मृतक अर्द्धविक्षिप्त था और अक्सर सैफुल्लागंज और टांटियानगर क्षेत्र में घूमता देखा जाता था। प्रथम दृष्टया मामला स्वाभाविक मौत का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। शव को पहचान के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




