Sultanpur News: सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत, दो घायल
Sultanpur News: कूरेभार में सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई, जिनमें एक नेवी का जवान था। गंभीर चोटों की वजह से एक युवक की अस्पताल में मौत हो गई। दोनों युवकों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एक युवक की बहन की शादी दो दिन बाद थी।

Sultanpur News: लंभुआ/कूरेभार संवाददाता कूरेभार व लम्भुआ थाना क्षेत्रों में हुई सड़क दुर्घटनाओं में एक नेवी के जवान समेत दो युवकों की मौत हो गई। दो युवकों की हालत गंभीर है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों का इलाज जारी है।
दुर्घटनाओं का विवरण
लंभुआ संवाद के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार की रात रहायकपुर मोड़ पर मदनपुर पनियार निवासी मर्चेंट नेवी कर्मी आवेश करनी (25) पुत्र तौकीर अहमद तथा नदीम अहमद (26) पुत्र शकील अहमद सड़क पार कर रहे थे, उसी समय लखनऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मर्चेंट नेवी जवान समेत दोनों युवक सड़क पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के तत्काल बाद आसपास के मौजूद लोगों ने दोनों घायल युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लंभुआ में भर्ती करवाया। आवेश करनी के सिर पर गंभीर चोट के कारण उसकी हालत बिगड़ रही थी, डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करके जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से भी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया, जहां उसकी मौत हो गई। घर पर सूचना मिलते ही कोहराम मच गया। उधर दूसरे युवक नदीम का इलाज चल रहा है।
आवेश करनी का पारिवारिक विवरण
26 दिन बाद मर्चेंट नेवी जवान की बहन की थी शादी : मर्चेंट नेवी जवान आवेश करनी पिछले हफ्ते की छुट्टी लेकर घर आया था। आवेश कर भाई बहनों में दूसरे नंबर पर था उसकी बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। जबकि छोटी बहन की शादी छह अक्टूबर को होनी थी। इसी हफ्ते फिर ड्यूटी पर वापस जाने वाला था। वह अपनी बहन की शादी के लिए घर की मरम्मत करवा रहा था। गुरुवार को वह प्लंबर नदीम के साथ घर में बन रहे शौचालय का सामान लेने बाजार गया था और लौटते समय यह दुर्घटना हो गई। दुर्घटना में वह अपनी जान गवा बैठा। बहन की शादी से दो दिन पहले वह फिर घर वापस लौटने वाला था।
दूसरी दुर्घटना की जानकारी
कूरेभार संवाद के अनुसार अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर गुरुवार देर रात जोगीवीर गांव के मोड़ के पास एक सड़क हादसे में 26 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत हो गई। इस हादसे में बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कूरेभार से शुरुआती इलाज के बाद सुलतानपुर के मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। अयोध्या जनपद के चोरे बाजार निवासी शादिक उर्फ नाटू (26) पुत्र इब्राहीम और हिमांशु यादव (26) पुत्र केशवराम यादव गुरुवार रात बाइक से कूरेभार से चोरे बाजार की तरफ जा रहे थे। जोगीवीर गांव के मोड़ के पास पीछे से बाइक चालक एक अज्ञात वाहन में जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए। इस हादसे में नाटू को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हिमांशु यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए सीएचसी कूरेभार पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने शादिक को मृत घोषित किया। गंभीर हालत में हिमांशु को सुलतानपुर के मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही कूरेभार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


