
सड़क दुर्घटना में आलू व्यवसायी और युवक की मौत
Sultanpur News - कुड़वार और लंभुआ में सड़क दुर्घटनाओं में एक युवक और आलू कारोबारी की मौत हो गई। युवक की बाइक खंभे से टकराई, जबकि कारोबारी को बाइक सवार ने टक्कर मारी। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक युवक अविवाहित था और कारोबारी के चार पुत्र और दो पुत्रियां हैं।
कुड़वार/लंभुआ, संवाददाता। जिले के शहर कोतवाली और लंभुआ थाना क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में युवक और आलू कारोबारी की मौत हो गई। एक दुर्घटना में युवक की बाइक खंभे से टकराई, जबकि आलू कारोबारी को सुबह सवेरे बाइक सवार ने टक्कर मारी थी। पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक और कारोबारी की मौत से उनके घरों में कोहराम मचा था। कुड़वार संवाद के अनुसार स्थानीय थाना क्षेत्र के सोहगौली गांव निवासी आशुतोष पाठक पुत्र दयाशंकर बुधवार को किसी काम से सुलतानपुर गया था। देर रात को वह अपनी बाइक से घर लौट रहा था।
कोतवाली नगर क्षेत्र के खैंचिला भारत नगर के पास उसकी बाइक के सामने अचानक से एक जानवर आ गया। मवेशी को बचाने के चक्कर में आशुतोष की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे मौजूद बिजली के खंभे से जा टकराई। इससे हादसे में आशुतोष (22) गंभीर रूप से घायल हुआ, उपचार के अभाव में उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने युवक के शव को देखा और इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। युवक के जेब से बरामद कागजात से उसकी शिनाख्त हुई, इस पुलिस ने उसके परिजनों को घटना की सूचना दी। गुरुवार को परिवार के सदस्यों के पहुंचने पर पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवार के सदस्यों को सुपुर्द कर दिया। बताया जाता है कि तीन भाइयों में आशुतोष सबसे छोटा था। एक भाई की पहले ही मौत हो चुकी है। आशुतोष की मौत से उसकी मां उर्मिला और पिता दोनों सदमे में हैं। मृत आशुतोष अविवाहित था। लंभुआ संवाद के अनुसार लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के कलाम नगर निवासी और आलू कारोबारी मोहम्मद कौशर (50) सुबह लगभग आठ बजे के करीब घर से दुकान जाने के लिए निकला। बताया जाता है कि सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार से आ रही बाइक ने अनियंत्रित होकर उसे टक्कर मार दी। इस हादसे में कारोबारी गंभीर रूप से घायल हुआ। स्थानीय लोगों ने बाइक चालक को पकड़कर कर उसकी पिटाई कर दी। साथ ही घायल कारोबारी को उपचार के लिए सीएचसी लंभुआ ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टर ने कारोबारी की हालत गंभीर देख उसे मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। लेकिन मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दूसरी तरफ कारोबारी को टक्कर मारने के बाद पिटाई से घायल हुए बाइक सवार युवक मोहम्मद इमरान को भी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृत कारोबारी के परिजन ने बताया कि मृतक की पत्नी आशमा के अलावा चार पुत्र एवं दो पुत्रियां हैं। दो पुत्र एवं दो पुत्री की शादी हो चुकी है। अभी दो की शादी करना बाकी था। वह आलू का व्यवसाय करके परिवार का भरण पोषण करता था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




