पुणे में ट्रक हादसे में युवक की मौत, गांव में पसरा मातम
Sultanpur News - कोतवाली देहात क्षेत्र के गौरा गांव निवासी 22 वर्षीय विजय वर्मा की पुणे में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह ट्रक चालक था और एक सप्ताह पहले काम पर गया था। उसकी मौत से गांव में शोक का माहौल है। परिवार में कोहराम मच गया है और ग्रामीण उसकी सरलता और मिलनसारिता को याद कर रहे हैं।

भदैयां, संवाददाता कोतवाली देहात क्षेत्र के गौरा गांव निवासी 22 वर्षीय युवक की पुणे में सड़क हादसे में मौत हो गई। सूचना मिलने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।गौरा गांव निवासी भागीरथी वर्मा का पुत्र विजय वर्मा महाराष्ट्र के पुणे में रहकर ट्रक चालक के रूप में कार्य करता था। वह करीब एक सप्ताह पूर्व ही घर से काम पर वापस गया था। परिजनों के अनुसार शुक्रवार को विजय ट्रक लेकर जा रहा था, तभी वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक विजय वर्मा ग्राम प्रधान धर्मराज वर्मा का भतीजा तथा संजय वर्मा का छोटा भाई था। ग्रामीणों के अनुसार विजय मिलनसार और सरल स्वभाव का युवक था। उसकी असमय मौत से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजन पुणे के लिए रवाना हो गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव को पैतृक गांव लाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा। ग्राम प्रधान धर्मराज वर्मा ने बताया कि युवक का शव देर शाम अथवा अगले दिन गांव पहुंचने की संभावना है। विजय अविवाहित था। उसकी मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


