
अलग-अलग स्थानों पर करंट की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत
संक्षेप: Sultanpur News - सुलतानपुर जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर करंट लगने से दो महिलाओं की मौत हो गई। बल्दीराय में घरेलू काम करते समय एक महिला करंट की चपेट में आ गई, जबकि मोतिगरपुर में टुल्लू पंप चालू करते समय दूसरी महिला करंट लगने से घायल हुई। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सुलतानपुर, संवाददाता। जिले के दो अलग-अलग स्थानों पर करंट की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत हो गई। बल्दीराय में एक महिला घरेलू काम करते समय करंट की चपेट में आ गई। परिजनों ने उसे गंभीर अवस्था में सीएचसी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मोतिगरपुर थाने के ढेमा में टुल्लू पंप चालू करते समय महिला को करंट लग गया। उसे भी सीएचसी में चिकित्सकों ने मृत करार दे दिया। बल्दीराय थाना क्षेत्र के देहली के मझौवा गांव में शनिवार की देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई।

घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है। गांव निवासी विमला पत्नी करिया घर पर घरेलू कार्य कर रही थीं। इसी दौरान असावधानीवश वह विद्युत करंट की चपेट में आ गईं। जैसे ही घटना की जानकारी परिजनों को हुई, वहां चीख-पुकार मच गई। परिवार वालों ने आनन-फानन में विमला को धनपतगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सुलतानपुर भेज दिया। हादसे के बाद से परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। मोतिगरपुर संवाद के अनुसार शनिवार शाम टुल्लू पंप चालू करते समय करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है। थाना क्षेत्र के ढेमा बाजार निवासी अमरावती (45) पत्नी जयशंकर दूबे शाम करीब साढ़े सात बजे अपने घर के पास टुल्लू पंप चालू कर रही थीं। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गईं और मौके पर ही गिर पड़ीं। परिजनों ने ग्राम प्रधान और सूरज उपाध्याय की सहायता से अमरावती को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतिगरपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका अमरावती के पति जयशंकर दूबे हैं और उनकी कोई संतान नहीं है। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची उनकी बहन मिथलेश का रो-रोकर बुरा हाल था। उपनिरीक्षक श्रीराम मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




