Sultanpur News: बरसात में ढही दीवार, मलबे में दबने से वृद्ध की मौत
Sultanpur News: सुलतानपुर में लगातार बारिश के कारण दो थाना क्षेत्रों में तीन कच्चे मकान ढह गए। दोस्तपुर के खालिसपुर डींगुर में एक वृद्ध हरीश बल्दही नारायण मिश्र (72) मलबे में दबकर मृत पाए गए। ग्रामीणों ने काफी प्रयास किए, लेकिन उसे बचाने में असफल रहे। पूरे गाँव में शोक का माहौल है।

Sultanpur News: सुलतानपुर, संवाददाता। जिले में लगातार हुई बारिश का असर अब दिखने लगा है, इसक्रम में 24 घंटे के अंदर जिले के दो थाना क्षेत्रों में तीन कच्चे मकान ढह गए। दोस्तपुर में हुई दो घटनाओं में एक स्थान पर मलबे में दबने से वृद्ध की मौत हो गई। हालांकि ग्रामीणों ने वृद्ध को बचाने के लिए काफी प्रयास किया। लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल सकी। दोस्तपुर, संवाद के अनुसार थाना क्षेत्र के खालिसपुर डींगुर गांव में शुक्रवार की रात करीब नौ बजे के एक व्यक्ति का कच्चा मकान भरभरा कर ढह गया। इस हादसे में घर के अंदर सो रहे वृद्ध हरीश बल्दही नारायण मिश्र (72) मलबे में दब गए।
आवाज होने पर परिवार के सदस्यों की नींद खुली। इस दौरान वृद्ध को मलबे में दबा देख परिजन रोने धोने लगे। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला और आनन-फानन में सीएचसी दोस्तपुर लेकर पहुंचे। जहां परीक्षण करने के बाद डॉक्टरों ने वृद्ध को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से परिवार के सदस्य के साथ पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृत की पत्नी का काफी पहले निधन हो चुका था। उनकी इकलौती बेटी सुमन का विवाह हो चुका है। वृद्ध के कोई संतान नहीं हैं। वह पूजा-पाठ करके जीविका चलाते थे। उनके दो भाई परमानंद मिश्रा और सच्चिदानंद मिश्रा हैं। थाना प्रभारी नारदमुनि सिंह ने बताया कि मृतक के भाई से तहरीर लेकर विधिक प्रक्रिया करते हुए पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा गया है।


