बारात के लिए निकले युवक का शव फंदे से लटका मिला
सुलतानपुर के बरुई गांव में 24 वर्षीय सुरेंद्र निषाद का शव एक पेड़ से बेल्ट के सहारे लटका मिला। युवक बृहस्पतिवार शाम एक बारात में गया था और शुक्रवार सुबह उसका शव मिला। पुलिस ने कहा कि युवक के शरीर पर किसी बाहरी चोट के निशान नहीं हैं, और मामला पहली नजर में आत्महत्या का प्रतीत होता है।

भदैया,सुलतानपुर, संवाददाता। सुलतानपुर में कोतवाली देहात क्षेत्र के बरुई गांव में एक युवक का शव बाग में पेड़ से बेल्ट के सहारे लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुरेंद्र निषाद (24) पुत्र कन्हैया लाल निवासी बरुई गांव के रूप में हुई है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। बताया जाता है कि सुरेंद्र निषाद पड़ोस में गई एक बारात में शामिल होने गुरुवार की शाम गया था। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। शुक्रवार सुबह गांव के पास स्थित बाग में उसका शव पेड़ से बेल्ट के सहारे लटका मिला।
शव देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस के अनुसार युवक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है।क्षेत्राधिकारी लम्भुआ ऋतिक कपूर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


