एमडीएम में गड़बड़ी पर इंचार्ज शिक्षिका निलंबित
Sultanpur News - सुलतानपुर में, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेन्द्र गुप्ता ने बल्दीराय ब्लॉक के कम्पोजिट विद्यालय की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका अर्चना द्विवेदी को एमडीएम में गड़बड़ी के चलते निलंबित कर दिया है। सभी शिक्षकों का वेतन रोक दिया गया है। मामले की जांच खण्ड शिक्षाधिकारी को सौंपी गई है।

सुलतानपुर, संवाददाता। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेन्द्र गुप्ता ने सख्ती बरतते हुए जांच रिपोर्ट में एमडीएम में गड़बड़ी पाए जाने पर बल्दीराय ब्लॉक के कम्पोजिट विद्यालय बल्दीराय की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका अर्चना द्विवेदी का निलंबित कर दिया है। बीएसए ने विद्यालय के सभी शिक्षक व शिक्षामित्रों का वेतन/मानदेय अग्रिम आदेश तक रोक दिया गया है। निलंबित इंचार्ज प्रधानाध्यापक को कुड़वार ब्लॉक संसाधन केन्द्र से सम्बद्ध किया है। बीएसए ने खण्ड शिक्षाधिकारी कुड़वार को मामले की जांच सौंपी है। कम्पोजिट विद्यालय बल्दीराय में एमडीएम में गंभीर अनियमितता के मामले की जांच रिपोर्ट खंड शिक्षा अधिकारी बल्दीराय और जिला समन्वयक एमडीएम ने की। निरीक्षण रिपोर्ट में विद्यालय में कई अनियमितताएं पाई गईं।
निरीक्षण के दौरान सहायक अध्यापक मृदुल कुमार शर्मा और शिक्षामित्र अजय कुमार अनुपस्थित मिले और छात्र-छात्राओं की उपस्थिति पंजिका में गड़बड़ी सामने आई। आरोप है कि उपस्थिति पंजिका में बिंदु लगाकर छोड़ दिया जाता था और बाद में छात्र संख्या बढ़ाकर दर्ज की जाती थ। जिससे एमडीएम मद में अधिक धनराशि खर्च दिखाने की आशंका है। जांच में यह भी पाया गया कि विद्यालय में शैक्षणिक कार्यों में रुचि नहीं ली जा रही थी। शिक्षक डायरी नहीं बनाई जा रही थी तथा सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भी लापरवाही बरती जा रही थी। खंड शिक्षा अधिकारी कुड़वार को निर्देश दिया गया है कि एक सप्ताह के भीतर आरोप पत्र उपलब्ध कराते हुए 15 दिन के अंदर विस्तृत जांच आख्या प्रस्तुत करें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


