Sultanpur News: एसएसबी जवान का शव पहुंचा घर, मचा कोहराम
Sultanpur News: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के अंतागढ़ स्थित एसएसबी कैंप में गोली लगने से मृत हवलदार आनंद प्रकाश तिवारी का शव उनके गांव नेवरा खादर बसंतपुर पहुंचा। घर में कोहराम मच गया। एसएसबी जवानों ने अंतिम सलामी दी और तिरंगा उनके परिजनों को सौंपा। 16 वर्षीय बेटे ने पिता को मुखाग्नि दी।

Sultanpur News: कुड़वार, संवाददाता। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के अंतागढ़ स्थित एसएसबी कैंप में सोमवार भोर में गोली लगने से मृत हवलदार आनंद प्रकाश तिवारी (41) का शव मंगलवार दोपहर उनके पैतृक गांव नेवरा खादर बसंतपुर पहुंचा। तिरंगे में लिपटा शव देखते ही घर में कोहराम मच गया। अंतिम दर्शन के लिए जुटे लोगों की आंखें नम हो गईं। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। स्थानीय थाना क्षेत्र के नेवरा खादर बसंतपुर निवासी आनंद प्रकाश तिवारी पुत्र बलराम तिवारी 28वीं वाहिनी एसएसबी में हवलदार के पद पर तैनात थे। सोमवार भोर में अंतागढ़ कैंप में गोली लगने से उनकी मौत हो गई थी। मंगलवार को एसएसबी के सूबेदार राजेंद्र कुमार, विवेक कुमार सिंह समेत अन्य जवान शव लेकर गांव पहुंचे। तिरंगे में लिपटा पिता का शव देखकर 16 वर्षीय बेटा अनुभव तिवारी सहम गया। पत्नी प्रियंका, मां राजेश्वरी, बहन और अन्य परिजन दहाड़ें मारकर रोने लगे। कुछ देर बाद एसएसबी जवानों ने परिजनों के साथ शव को अंतिम संस्कार के लिए स्थानीय राजघाट पहुंचाया। वहां जवानों ने शहीद को अंतिम सलामी दी। सलामी के बाद एसएसबी जवानों ने तिरंगा पिता बलराम तिवारी को सौंपते हुए कहा कि इसे बेटे की याद में राष्ट्रीय पर्वों पर फहराइएगा। इसके बाद परिजनों ने स्थानीय परंपरा के अनुसार अंतिम संस्कार किया। 16 वर्षीय बेटे अनुभव तिवारी ने पिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान राजघाट पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह, एसडीएम सदर गरिमा सौनकिया, राजस्व निरीक्षक शिव प्रसाद, प्रभारी थानाध्यक्ष दिनेश यादव और उपनिरीक्षक अम्बरीश पाठक पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे.
आठ माह पहले पिता से हुई थी मुलाकात
एसबी जवान आनन्द प्रकाश तिवारी आठ माह पहले गांव आया हुआ था। पत्नी व बेटा चंडीगढ़ में रहते हैं। वहां निजी मकान बना हुआ है। अक्टूबर माह में घर पर धार्मिक आयोजन को लेकर रविवार शाम को पिता से बात की थी। उसी आयोजन में घर आने की योजना थी, लेकिन रविवार को पिता,भाई से हुई वार्ता अन्तिम वार्ता थी.
शोक संवेदना प्रकट करने पहुंचे नेता
जवान का शव मंगलवार दोपहर में गांव पहुंचने की सूचना पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, कांग्रेस जिलाअध्यक्ष अभिषेक राणा, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजेश तिवारी, मनोज तिवारी, एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह, भाजपा नेता राम चंद्र मिश्रा, पूर्व प्रमुख यशभद्र सिंह मोनू, ओम प्रकाश पांडेय बजरंगी, अखिलेश तिवारी, मनीषा पांडेय, पूजा कसौंधन समेत कई नेता और जनप्रतिनिधि मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए शोक संवेदना व्यक्त जवान को श्रद्धांजलि दी.


