Sultanpur News: गौरी शंकर धाम में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
Sultanpur News: श्रावण मास में प्रसिद्ध श्री गौरी शंकर धाम, शाहपुर जंगल में मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए चांदा पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। सुरक्षा व्यवस्थाओं के लिए चेक पोस्ट और बैरियर लगाए गए हैं। गोमती नदी में स्नान के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निगरानी की जा रही है।

Sultanpur News: चांदा, संवाददाता श्रावण मास में प्रसिद्ध श्री गौरी शंकर धाम, शाहपुर जंगल में लगने वाले मेले को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शनिवार को श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए शुक्रवार शाम को ही प्रभारी निरीक्षक कोतवाली चांदा राजकुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मंदिर परिसर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस बल की तैनाती के लिए विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर ड्यूटी प्वाइंट भी चिन्हित किए।श्रावण मास के दौरान पूरे महीने बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन के लिए पहुंचते हैं, लेकिन शनिवार और सोमवार को श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाती है।
इसी को ध्यान में रखते हुए चांदा पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की व्यवस्था की है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर मार्ग सहित विभिन्न स्थानों पर चेक पोस्ट और बैरियर लगाए गए हैं। वहीं, गोमती नदी में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए गहरे पानी वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग कर दी गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। इसके अलावा गोमती नदी में पुलिस टीम गोताखोरों के साथ नाव के जरिए लगातार निगरानी करेगी। प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराना है। पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें, जिससे मेला शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हो सके।


