अखण्डनगर बाजार की स्ट्रीट लाइट खराब होने से परेशानी
Sultanpur News - अखंडनगर में विधायक कोटे से लगी हाईमास्ट स्ट्रीट लाइट कई सालों से खराब पड़ी है, जिससे चौराहा रात में अंधेरे में रहता है। स्थानीय लोग और दुकानदारों को इससे कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विधायक ने लाइट को ठीक करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ। लोग प्रशासन से जल्द मरम्मत की मांग कर रहे हैं।

अखंडनगर, संवाददाता। स्थानीय चौराहे पर विधायक कोटे से लगी हाईमास्ट स्ट्रीट लाइट कई साल से खराब होकर बंद पड़ी है, जिससे अखंड नगर चौराहा रात के समय अंधेरे में डूबा रहता है। विकासखंड का मुख्य चौराहा होने के कारण यहां से गुजरने वाले राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अखंड नगर चौराहा क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण और भीड़भाड़ वाला बाजार माना जाता है। यहां से विकासखंड के कई गांवों के लिए मुख्य मार्ग निकलता है। प्रतिदिन सैकड़ों लोग इसी रास्ते से होकर आते-जाते हैं, लेकिन हाईमास्ट स्ट्रीट लाइट बंद होने के कारण रात के समय यहां आवागमन करना जोखिम से भरा रहता है।
जहां रात में आवारा पशु भी घूमते रहते हैं। जिससे टकराकर राहगीर एवं मोटरसाइकिल सवार चोटिल होते रहते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अंधेरा होने की वजह से दुर्घटनाओं और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की आशंका बनी रहती है। बाजार में देर शाम तक सब्जी फल एवं छोटी-मोटी पटरी पर लगने वाली दुकाने खुली रहती हैं, ऐसे में प्रकाश व्यवस्था न होना लोगों की दुकानदारों को बिक्री और खरीदारों को अंधेरे में नुकसान होने का डर बना रहता है। अखंड नगर बाजार के निवासी दुकानदार एवं क्षेत्रीय लोगों ने कादीपुर विधायक राजेश गौतम से इस संबंध में कई बार मांग किया जिस पर विधायक ने इस लाइट को जल्द ही ठीक करने का आश्वसन दिया, लेकिन आश्वासन के बाद भी वर्षों बीत गए अभी तक लाइट ठीक नहीं हुई। विकासखंड एवं बाजार के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द खराब पड़ी हाईमास्ट स्ट्रीट लाइट को ठीक कराया जाए, ताकि बाजार और चौराहे पर फिर से रोशनी की व्यवस्था हो सके और लोगों को राहत मिल सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


