
वर्दी में हरियाली की मिसाल बनीं उप निरीक्षक रेखा सिंह
Sultanpur News - सुलतानपुर की उप निरीक्षक रेखा सिंह पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने महिला थाना परिसर में सैकड़ों पौधे लगाए हैं और उनकी देखभाल करती हैं। उनका मानना है कि पौधों का संरक्षण ही असली जिम्मेदारी है। रेखा सिंह का यह प्रयास समाज में प्रकृति की रक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ा रहा है।
सुलतानपुर। प्रभारी महिला रिपोर्टिंग चौकी लंभुआ की उप निरीक्षक रेखा सिंह अपने कर्तव्यों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी अलग पहचान बना रही हैं। महिला थाना परिसर में हरियाली बढ़ाने के लिए किए गए उनके प्रयास अब एक मिसाल के रूप में देखे जा रहे हैं। अयोध्या से लेकर सीता कुंड तक, महिला थाना व चौकी परिसरों में उन्होंने अब तक सैकड़ों पौधों का रोपण कर उन्हें संरक्षित किया है। रेखा सिंह पौधारोपण नहीं, संरक्षण पर देती हैं जोर : उपनिरीक्षक रेखा सिंह का मानना है कि केवल पौधा लगाना पर्याप्त नहीं, बल्कि उसे पेड़ बनने तक बचाना ही असली जिम्मेदारी है।
इसी सोच के साथ वे स्वयं पौधों की देखभाल, सिंचाई और संरक्षण पर नजर रखती हैं। महिला थाना परिसर में विकसित हरियाली न केवल पर्यावरण को संवार रही है, बल्कि यहां आने वाले लोगों को भी सकारात्मक संदेश दे रही है। सनातन परंपरा से जुड़ी पर्यावरण चेतना : सनातन संस्कृति में वृक्षों को जीवनदाता माना गया है। पीपल, बरगद और नीम जैसे वृक्षों का धार्मिक और वैज्ञानिक दोनों दृष्टियों से विशेष महत्व है। रेखा सिंह का यह प्रयास उसी परंपरा को आगे बढ़ाता है, जिसमें धरती को मां मानकर उसकी रक्षा को प्राथमिकता दी जाती है। समाज के लिए प्रेरणा बनीं रेखा सिंह : रेखा सिंह की यह पहल यह दर्शाती है कि प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ सामाजिक और पर्यावरणीय दायित्वों का निर्वहन भी संभव है। महिला थाना आने वाली महिलाएं और आम नागरिक जब हरियाली से भरा परिसर देखते हैं, तो वे भी प्रकृति संरक्षण के प्रति प्रेरित होते हैं। पर्यावरण संरक्षण को व्यवहार में उतारने वाली उप निरीक्षक रेखा सिंह की यह पहल सराहनीय ही नहीं, बल्कि समाज के लिए अनुकरणीय उदाहरण भी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




