बिजली लाइन में फाल्ट, ढाई सौ गांवों की बिजली रात भर रही गुल
जयसिंहपुर के बिरसिंहपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े ढाई सौ गांवों की बिजली शुक्रवार रात अचानक ठप हो गई। हल्की बारिश और तेज हवा के कारण 33 हजार वोल्ट की लाइन में फाल्ट आया। बिजली की कमी से ग्रामीणों को पेयजल और अन्य कामों में दिक्कत हुई। विभाग ने फॉल्ट ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल की।

जयसिंहपुर, संवाददाता। बिरसिंहपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े करीब ढाई सौ गांवों की बिजली शुक्रवार रात अचानक ठप हो गई। हल्की बारिश और तेज हवा चलने के बाद 33 हजार वोल्ट की लाइन में फाल्ट आने की वजह से पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे ग्रामीणों को रातभर परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिजली आपूर्ति की स्थिति
शनिवार को भी लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी और दोपहर बाद किसी तरह फाल्ट दुरुस्त होने पर सप्लाई शुरू की जा सकी। बिरसिंहपुर सौ बेड अस्पताल में दो दिनों से बिजली खराबी की वजह से जेनरेटर से काम चलाया जा रह है। जयसिंहपुर तहसील क्षेत्र के बिरसिंहपुर विद्युत उपकेंद्र की हाई वोल्टेज लाइन में फाल्ट की वजह से शुक्रवार रात अचानक बिजली चली गई। पहले लोगों को स्थानीय स्तर पर तकनीकी खराबी की आशंका हुई, लेकिन बाद में पता चला कि 33 हजार वोल्ट की लाइन में फाल्ट आने से उपकेंद्र को आपूर्ति बंद हो गई है। इसके चलते बिरसिंहपुर उपकेंद्र से जुड़े करीब ढाई सौ गांव अंधेरे में डूब गए। बिजली न रहने से लोगों को पेयजल, मोबाइल चार्जिंग और अन्य घरेलू कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उमस भरी गर्मी के बीच रातभर बिजली न मिलने से ग्रामीण परेशान रहे। कई गांवों में लोग रात जागकर गुजारने को मजबूर हुए। शनिवार सुबह भी बिजली आपूर्ति बहाल न होने पर उपभोक्ताओं में नाराजगी देखी गई। विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने फाल्ट की तलाश कर मरम्मत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोपहर बाद लाइन की खराबी दूर की जा सकी, जिसके बाद धीरे-धीरे सभी फीडरों पर विद्युत आपूर्ति बहाल की गई। उपभोक्ताओं का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन तकनीकी खराबियों के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित होती रहती है। वहीं विभागीय अधिकारियों ने बताया कि 33 हजार वोल्ट लाइन में आए फाल्ट को ठीक कर दिया गया है और अब आपूर्ति सामान्य कर दी गई है।
दोस्तपुर संवाद के अनुसार नगर पंचायत कार्यालय के सामने लगा 63 केवीए का ट्रांसफार्मर शुक्रवार रात जल जाने से शाहपुर क्षेत्र की कुछ आबादी, दोस्तपुर विकास खंड कार्यालय तथा आवासों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। शनिवार सुबह ब्लॉक कार्यालय खुलने पर बिजली न होने से सभी कंप्यूटर बंद पड़े रहे, जिससे दिनभर सरकारी कार्य प्रभावित रहा। काम से पहुंचे फरियादियों को भी निराश होकर लौटना पड़ा।
ट्रांसफार्मर की स्थिति
अवर अभियंता हेमंत कुमार ने बताया कि खराब ट्रांसफार्मर को बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और शनिवार शाम तक नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। उधर, दोस्तपुर ब्लॉक फीडर के 400 केवीए ट्रांसफार्मर पर टेनलेस केबल लगाने के कार्य के चलते शनिवार को ब्लॉक चौराहा और बभनइया पूरब क्षेत्र की बिजली आपूर्ति लगभग चार घंटे तक बाधित रही। इससे स्थानीय उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मोतिगरपुर संवाद के अनुसार शुक्रवार रात करीब दस बजे अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज आंधी और बारिश के चलते कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए। मोतिगरपुर, पहाड़पुर-सराय भीखम फीडर पर चार विद्युत खंभे टूटकर गिर गए। इससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई जिससे हजारों की आबादी को भीषण गर्मी के बीच अंधेरे में रात बितानी पड़ी।
तूफान के कारण बिजली बाधित
विद्युत उपकेंद्र दियरा से मोतिगरपुर, दियरा, बरौसा, पहाड़पुर-सराय भीखम एवं इंडोडेच सहित पांच फीडरों को बिजली आपूर्ति की जाती है। शुक्रवार रात अचानक तेज हवा के साथ शुरू हुई बूंदाबांदी ने देखते ही देखते आंधी-तूफान का रूप ले लिया। इसके चलते पहाड़पुर-सराय भीखम , मोतिगरपुर फीडर के खड़सरा व पुरुषोत्तमपुर क्षेत्र में कई विद्युत खंभे टूटकर गिर गए। वहीं कई स्थानों पर फाल्ट आने से आधा दर्जन गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। बिजली विभाग के कर्मचारी फॉल्ट दूर करने और टूटे हुए खंभों को बदलने के कार्य में जुटे रहे। विद्युत उपकेंद्र दियरा जेई विवेक कुमार ने बताया कि तूफान के कारण कई स्थानों पर फॉल्ट और खंभों की क्षति हुई है। मरम्मत कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
सामान्य प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


