Sultanpur News: दोस्तपुर में दम तोड़ती बिजली व्यवस्था, रोस्टिंग और फाल्ट से लोग परेशान
Sultanpur News: दोस्तपुर में बिजली आपूर्ति कई दिनों से प्रभावित है। रोस्टिंग, फॉल्ट और शटडाउन के कारण लोगों को मुश्किलें झेलनी पड़ रही हैं। गणेश चतुर्थी और अन्य त्योहारों के मद्देनजर बिजली विभाग की व्यवस्था पर नाराजगी बढ़ रही है।

Sultanpur News: दोस्तपुर (सुलतानपुर), संवाददाता। कस्बे और ग्रामीण क्षेत्रों में बीते कुछ दिनों से बिजली व्यवस्था पटरी से उतर गई है। रोस्टिंग के नाम पर दिन-रात किसी भी समय बिजली काटी जा रही है। रोस्टिंग खत्म होने के बाद फाल्ट और शटडाउन के कारण आपूर्ति बाधित हो रही है। रविवार को नाला खुदाई के चलते भी बिजली बंद रही। सबसे खराब स्थिति ब्लॉक फीडर की है, जहां आए दिन खराबी के चलते आपूर्ति बाधित होती रहती है। सोमवार को खालिसपुर फीडर सुबह 5:55 से 6:55 बजे तक रोस्टिंग में बंद रहा। इसके बाद करीब 7:30 बजे ब्लॉक फीडर के बहबल टोला में एक फेस की आधी सप्लाई हो गई। खालिसपुर फीडर दोपहर 11:02 से 1:02 बजे तक और शाम 4:10 से 5:10 बजे तक रोस्टिंग में बंद रहा.
बिजली कटौती की समस्या
शाम करीब पौने सात बजे 33 केवी की मेन सप्लाई बनी से बंद हो गई। आपूर्ति बहाल होते ही ब्लॉक फीडर के कजियाना में केबल जल गया। केबल की मरम्मत चल ही रही थी कि दोबारा 33 केवी की मेन सप्लाई बनी से बंद हो गई.
त्योहारों के दौरान बिजली व्यवस्था
रविवार को भी बिजली कटौती से लोग परेशान रहे। भीषण उमस और गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। एक ओर रोस्टिंग बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर ओवरलोड ट्रांसफार्मर और जर्जर तारों के चलते फाल्ट की समस्या भी लगातार बनी हुई है। इससे कस्बे के लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। कस्बे में अभी गणेश चतुर्थी का पर्व चल रहा है। इसके बाद दुर्गा पूजा और दशहरा जैसे प्रमुख त्योहार भी आने वाले हैं। ऐसे में बिजली व्यवस्था का यही हाल रहा तो त्योहारों के दौरान लोगों और पूजा समितियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। पूजा पंडालों और धार्मिक आयोजनों के बीच निर्बाध बिजली आपूर्ति को लेकर लोगों में चिंता बढ़ने लगी है.


