Sultanpur News: तेरह दिन बाद पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
Sultanpur News: लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के गरएं गांव में एक महिला को खेत में बेहोशी की हालत में पाया गया। पति की तहरीर के आधार पर पुलिस ने 13 दिन बाद मामला दर्ज किया है। आरोप है कि महिला के छोटे भाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे पीटा। मामला अब जांच में है और महिला का इलाज जारी है।

Sultanpur News: लंभुआ, संवाददाता। लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के गरएं गांव में खेत में बेहोशी की हालत में मिली महिला के पति की तहरीर पर पुलिस ने 13 दिन के बाद केस दर्ज किा है। पुलिस अब मामले में छानबीन में जुटी है। गांव निवासी रामराज गुप्ता ने पुलिस को तहरीर देकर अवगत करवाया कि 27 व 28 जून की रात में लगभग डेढ़ बजे उनकी पत्नी कुसुम गुप्ता शौच के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि छोटा भाई रामप्रसाद गुप्ता अपने तीन अन्य साथियों के साथ उनकी पत्नी का मुंह दबाकर घर से लगभग पांच सौ मीटर दूर खेत में ले जाकर बेरहमी से पीटा और अधमरा छोड़कर फरार हो गया।
सुबह ग्रामीणों ने महिला को कीचड़ से लथपथ बेहोशी की हालत में देखा, तो परिजन भी मौके पर पहुंचे और अस्पताल में ले जाकर भर्ती करवाया, डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अभी उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित महिला के पति राम राज गुप्ता ने बताया कि चार वर्ष पूर्व छोटे भाई राम प्रसाद गुप्ता के साथ मिलकर बाथरूम बनवाया था, इसे लेकर एवं दो वर्ष पूर्व भाई ने मां के नाम की जमीन अपने नाम करवा ली थी, इसके बाबत विवाद चल रहा था। विवाद के चलते ही उसके द्वारा यह घटना कारित की गई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी राम प्रसाद गुप्ता समेत तीन अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।


