छेड़छाड़ के मामले की जांच के दौरान सिपाही की वर्दी फाड़ी, बिना महिला सिपाही के घर में घुसने का आरोप
Sultanpur News - कुड़वार (सुल्तानपुर) में एक युवती की छेड़छाड़ की शिकायत पर जांच करने पहुंची पुलिस पर आरोपी पक्ष ने हमला किया। पुलिस की वर्दी फटी और मोबाइल छीन लिए गए। पुलिस ने 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी पक्ष ने कहा कि पुलिस बिना महिला सिपाही के घर में घुसी, जिससे विवाद हुआ।
कुड़वार (सुल्तानपुर), संवाददाता। कानून का पालन कराने निकली पुलिस पर ही हमला हो गया। युवती की छेड़छाड़ की तहरीर पर जांच करने भांटी गांव पहुंची धम्मौर पुलिस टीम पर आरोपी पक्ष ने लाठी डंडों से हमला बोल दिया। महिलाओं ने सिपाही की वर्दी तक फाड़ डाली और मोबाइल फोन भी छीन लिया। किसी तरह जान बचाकर थाने लौटी पुलिस ने उप निरीक्षक राजकुमार सिंह की तहरीर पर पांच महिलाओं सहित आठ नामजद और चार पांच अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मामला धम्मौर थाना क्षेत्र के भांटी गांव से जुड़ा है। पुलिस की तहरीर के अनुसार गांव की एक युवती ने अंकित यादव पुत्र अनिल कुमार यादव निवासी उघरपुर थाना धम्मौर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
युवती का आरोप था कि अंकित उसके नाना जगन्नाथ यादव के यहां आकर उसका पीछा करता है, छेड़छाड़ करता है, गाली गलौज करता है और भगाने के लिए बाध्य करता है। इसी शिकायत की जांच के लिए उप निरीक्षक राजकुमार सिंह, सिपाही संजय यादव व अंकुश चौधरी शनिवार रात लगभग आठ बजे भांटी गांव स्थित जगन्नाथ के घर पहुंचे।पुलिस का कहना है कि दरवाजे पर पूछताछ चल ही रही थी कि तभी राज नरायन यादव पुत्र अमरनाथ, शिवलली पत्नी राजनरायन, पूजा पुत्री राजनरायन, सूरज पुत्र राजनरायन, रामलली पत्नी अमरनाथ निवासी भांटी थाना धम्मौर तथा श्यामलली पत्नी अनिल कुमार, अंकित यादव पुत्र अनिल कुमार, बिट्टू पुत्री अनिल कुमार निवासी उघरपुर थाना धम्मौर सहित चार पांच अज्ञात व्यक्ति एकजुट होकर लाठी डंडे और धारदार हथियारों से लैस होकर पुलिसकर्मियों पर टूट पड़े। गाली गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए सिपाही संजय यादव की वर्दी फाड़ दी गई। महिलाओं ने सिपाही अंकुश चौधरी व संजय यादव के मोबाइल फोन भी छीन लिए, जो बाद में गांव वालों के बीच बचाव करने पर वापस किए गए।आरोपी पक्ष का कहना है कि आरोपी युवक की नानी के निधन के बाद शनिवार को घर में शुद्धि का आयोजन था। ऐसे संवेदनशील मौके पर पुलिस बिना महिला सिपाही के घर के अंदर घुस आई और महिलाओं के साथ बदसलूकी करने लगी, जिसका महिलाओं ने विरोध किया। इस संबंध में एक वीडियो वायरल हो रहा है, हालांकि हिन्दुस्तान इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता। वीडियो में एक महिला और सिपाही के बीच पकड़ा पकड़ी दिख रही है, जिसमें सिपाही की वर्दी भी फटी नजर आ रही है।साथ ही दूसरा सिपाही महिलाओं के बीच घिरे अपने साथी को बाहर खींचता दिख रहा है और सिपाही अपना फोन वापस पाने की मिन्नत करता दिखाई दे रहा है। लोगों का आक्रोश पुलिस के घर में घुसने को लेकर कहीं अधिक था। इस संबंध में सीओ सिटी सौरभ सांवत ने बताया कि पुलिस के साथ की गई अभद्रता और मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


