
चार माह बाद पोस्ता तस्कर गिरफ्तार
Sultanpur News - सुलतानपुर में हलियापुर पुलिस को मादक पदार्थ तस्करी के मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 180 किग्रा पोस्ते के छिलके के साथ जसप्रीत नामक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपित पिछले चार महीने से फरार था। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
सुलतानपुर, संवाददाता। हलियापुर थाने की पुलिस को मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े मामले में साढ़े चार माह बाद सफलता तब हासिल हुई जब फरार चल रहा आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा। पुलिस ने तस्करी कर ले जाया जा रहा 180 किग्रा पोस्ते के छिलके को पकड़ा था। आरोपित की पहचान जसप्रीत पुत्र मनज़ींदर निवासी शेखूपुरा थाना दाखा जनपद लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष वंदना अग्रहरि ने बताया कि एक अगस्त 2025 को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के माइल स्टोन 82 के पास एक दुर्घटनाग्रस्त इनोवा कार (पीबी 10 एचए 7373) से 12 बोरियों में रखा 180 किग्रा पोस्ता छिलका बरामद हुआ था।
इस मामले में हलियापुर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मुख्य आरोपी जसप्रीत तभी से फरार चल रहा था। हलियापुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपित हलियापुर क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद उन्होंने उपनिरीक्षक कैलाश सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर हलियापुर गोशाला तिराहे के पास घेराबंदी की। मौके से आरोपित जसप्रीत को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में हेड कांस्टेबल शमशेर बहादुर सिंह, हेड कांस्टेबल राजकुमार और कांस्टेबल रामबली राम शामिल रहे। थानाध्यक्ष वंदना अग्रहरि ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में में पेश किया गया। जहां से कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। इस घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह ने हलियापुर पुलिस को निर्देशित किया था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




