प्रतिबंधित पशुओं के अवशेष मिलने पर ग्रामीणों ने किया रोडजाम
Sultanpur News - जयसिंहपुर के दरपीपुर गांव के पास तालाब में प्रतिबंधित पशुओं के अवशेष मिलने से ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और पुलिस पर लचर कार्यशैली का आरोप लगाया। अधिकारियों के आश्वासन...

जयसिंहपुर, संवाददाता। दरपीपुर गांव के पास शनिवार की सुबह सर्विस लेन के बगल तालाब में प्रतिबंधित पशुओं का अवशेष मिलने से ग्रामीण आक्रोशित हो गए। ग्रामीण कुछ मवेशियों के कटे सिर को तालाब से निकालकर हलियापुर बेलवाई मार्ग पर चोरमा (दुर्गानगर) में सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू किया। ग्रामीणों ने पुलिस पर लचर कार्यशैली का आरोप लगाया। स्थानीय पुलिस के खिलाफ लोग काफी गुस्से में थे। अधिकारियों के कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीणों ने रोडजाम समाप्त किया। जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के दरपीपुर गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के सर्विस लेन के किनारे एक तालाब में प्रतिबंधित पशुओं के अवशेष होने की सूचना पर दर्जनों की संख्या में ग्रामीण पहुंच गए।
ग्रामीणों का कहना है काफी संख्या में मृत प्रतिबंधित मवेशियों के अवशेष पड़े थे। कई कटे सिर भी मवेशियों के मिले। आक्रोशित ग्रामीणों ने नाराजगी जाहिर करते हुए हलियापुर बेलवाई मार्ग को दुर्गानगर में जाम कर दिया। प्रदर्शन की सूचना पर जयसिंहपुर पुलिस मौके पर पहुंची। मगर आक्रोशित लोग पुलिस की कार्यशैली पर लगातार सवाल उठा रहे थे। कुछ देर बाद उपजिलाधिकारी प्रभात कुमार सिंह, सीओ आशुतोष कुमार, मौके पर पहुंचे। रोडजाम किए लोगों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया। साथ ही मामले की जांच कराते हुए दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की बात कही। इसके बाद ग्रामीणों ने रोडजाम हटा लिया। जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र में पहली बार प्रतिबंधित मवेशियों का अवशेष नहीं मिला है इसके पहले भी अवशेष बरामद हुए हैं। जो पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में प्रतिबंधित पशुओं के वध का खेल चल रहा है। आखिर पुलिस इस पर कड़ाई से अंकुश क्यों नही लगा पा रही है। अवशेष मिलने के बाद उसके जांच में ही कई माह का समय लग जाता है। अवशेष (कटे सिर व अन्य पार्ट) मिलने पर इसके पहले भी टांडा बांदा हाईवे को ग्रामीणों ने जाम कर प्रदर्शन किया था। तब जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के मेहाराम गांव के पास कुएं से अवशेष मिले थे। शनिवार को रोडजाम कर रहे ग्रामीण पुलिस की भूमिका पर लगातार प्रश्न चिन्ह लगा रहे थे और प्रतिबंधित मवेशियों के वध पर अंकुश लगाए जाने की मांग पर करीब एक घंटे तक रोडजाम कर अड़े थे। एसडीएम और सीओ के समझाने पर ग्रामीण शांत हुए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




