Hindi NewsUttar-pradesh NewsSultanpur NewsMultiple Road Accidents on Purvanchal Expressway Result in Injuries
अलग-अलग हादसों में नौ लोग घायल हुए

अलग-अलग हादसों में नौ लोग घायल हुए

संक्षेप:

Sultanpur News - पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार रात और शनिवार सुबह कई सड़क हादसे हुए। पहले हादसे में एक कार के टायर पंचर होने पर मिस्त्री को मिनी ट्रक ने टक्कर मारी, जिससे वह घायल हो गए। दूसरे हादसे में घने कोहरे के कारण स्कॉर्पियो और ट्रक में टक्कर हुई, जिससे कई लोग घायल हुए।

Dec 13, 2025 07:10 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सुल्तानपुर
share Share
Follow Us on

दोस्तपुर, संवाददाता। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर शुक्रवार रात और शनिवार सुबह अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में कई लोग घायल हो गए। पहली घटना माइलस्टोन 156.7 पर शुक्रवार की रात हुई, जब गाजीपुर से लखनऊ की तरफ जा रही एक कार का टायर पंचर हो गया। कार सवार रक्षित राज सोनी, निवासी सासाराम, बिहार ने पंचर ठीक कराने के लिए मिस्त्री मेराज खान पुत्र अयूब खान निवासी रसूलपुर दियरा को बुलाया। पंचर ठीक करने के दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए मिनी ट्रक ने मिस्त्री को टक्कर मार दी और फरार हो गया। हादसे में मेराज खान के कमर में गंभीर चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल अंबेडकर नगर रेफर कर दिया गया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

दूसरी दुर्घटना शनिवार सुबह माइलस्टोन 178.2 पर गाजीपुर से लखनऊ जाने वाली लेन में घने कोहरे के चलते हुई। एक स्कॉर्पियो ट्रक से जा टकराई, तभी पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक ने स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। इसी दौरान एक अन्य कार भी पीछे से आकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में आजमगढ़ जिले के पवई निवासी मुस्लेहा पत्नी सुहेल अहमद के सिर में चोटें आईं, जबकि साथ में मौजूद आसिया और सदफ को मामूली चोटें आईं। सभी घायलों को सीएचसी दोस्तपुर में प्राथमिक उपचार दिया गया, जहां से परिजन उन्हें अपने साथ ले गए। सूचना पर पहुंचे सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र सिंह यादव, सहायक सुरक्षा अधिकारी त्रिलोकीनाथ पांडे एवं एंबुलेंस कर्मी रोहित यादव ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया। हादसों में कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ही माइलस्टोन 161.4 पर शनिवार की शाम एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। लखनऊ से पटना की ओर जा रही एक स्कॉर्पियो कार पीछे से सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे के समय कार में पटना निवासी प्रमोद कुमार पुत्र नंद किशोर सिंह सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि कार सवार सभी लोग सुरक्षित रहे और किसी को गंभीर चोट नहीं आई। चांदा संवाद के अनुसार स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के सराय जुझार गांव निवासी कमलेश कुमार श्रीवास्तव तथा रामगढ़ रूपी का पूरा गांव निवासी मुरली गौतम दवा लेने चांदा गए थे। लौटते समय प्रतापपुर कमैचा गांव स्थित शिव मंदिर के पास आ रही तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे कमलेश कुमार श्रीवास्तव तथा उनके साथ बैठे मुरली गौतम गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर कमैचा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मुरली गौतम की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। भदैंया संवाद के अनुसार जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के बरौसा गोपी का पुरवा निवासी रोहित कुमार (24) पुत्र विष्णुदेव शनिवार की सुबह अपनी बहनें अंतिमा (20) और दीक्षिका (18) को मोटर साइकिल से गनपत सहाय पीजी कॉलेज में बीए की परीक्षा दिलाने के लिए घर से निकले थे। जब वे सुबह करीब 9 बजे अयोध्या-प्रयागराज बाईपास पर देहात कोतवाली क्षेत्र के ओदरा गांव स्थित पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे, तभी सामने से आ रही प्रयागराज डिपो की रोडवेज बस ने मोटर साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद रोहित मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर पड़े, वहीं दोनों बहनें भी सड़क पर जा गिरीं। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। उन्हें मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया।