
लाखों की चोरी का राज़ अब भी अनसुलझा
Sultanpur News - शिवगढ़ थाना क्षेत्र के कंधईपुर बाजार में 31 जुलाई 2025 को सुनील श्रीवास्तव के घर हुई लाखों की चोरी का मामला चार महीने बाद भी नहीं सुलझा है। मंडलायुक्त ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को कार्रवाई के निर्देश दिए थे, लेकिन अभी तक कोई परिणाम नहीं मिला है। पीड़ित ने न्याय की उम्मीद जताई है।
भदैया, संवाददाता। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के कंधईपुर बाजार में बीते 31 जुलाई 2025 की रात सुनील श्रीवास्तव के घर हुई लाखों की चोरी की घटना का खुलासा चार महीने बाद भी नहीं हो सका है। चोरी के बाद पीड़ित ने 29 अगस्त को केनौरा गांव में आयोजित मंडलायुक्त राजेश कुमार की चौपाल में इस मुद्दे को उठाया था। जिस पर मंडलायुक्त ने सख़्त रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को कार्रवाई के निर्देश दिए थे और प्रकरण को तत्कालीन सीओ लंभुआ अब्दुल सलाम को सौंपा गया था। इसके बावजूद चोरी का पर्दाफाश नहीं हो पाया। इसी बीच सीओ अब्दुल सलाम खान का करीब एक माह पूर्व और मंगलवार को शिवगढ़ थानाध्यक्ष रहे ज्ञानेश दुबे का स्थानांतरण हो गया।
ज्ञानेश दुबे ने बताया था कि घटना में शामिल आरोपी प्रतापगढ़ जनपद के निवासी हैं और कुछ सुराग मिले हैं। अब बुधवार को पदभार ग्रहण करने वाले नवागत थाना प्रभारी चंद्रभान वर्मा के लिए यह मामला सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। क्षेत्र में हुई अन्य चोरियों, अवैध खनन तथा पेड़ कटान जैसे अवैध धंधों पर रोक लगाना भी उनकी प्राथमिकता में शामिल माना जा रहा है। पीड़ित सुनील श्रीवास्तव का कहना है कि वह लंबे समय से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं और घटना के शीघ्र खुलासे की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




