कृषि कार्य की आड़ में ट्रैक्टर-ट्राली से की जा रही मिट्टी की ढुलाई

Newswrap हिन्दुस्तान, सुल्तानपुर
share

Sultanpur News - जयसिंहपुर क्षेत्र में कृषि कार्य के लिए पंजीकृत ट्रैक्टर-ट्रॉली का अवैध रूप से मिट्टी ढुलाई में उपयोग हो रहा है। तेज गति से चलने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिससे लोगों की जान को खतरा है। हाल में हुई एक दुर्घटना में दो छात्राओं की जान चली गई। स्थानीय लोग प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

कृषि कार्य की आड़ में ट्रैक्टर-ट्राली से की जा रही मिट्टी की ढुलाई

गोसाईगंज, संवाददाता। जयसिंहपुर क्षेत्र में कृषि कार्य के लिए पंजीकृत ट्रैक्टर-ट्रॉली का खुलेआम मिट्टी ढुलाई में प्रयोग किए जा रहे हैं। नियमों की अनदेखी करते हुए बिना किसी रोक-टोक के मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां ग्रामीण सड़कों से लेकर मुख्य मार्गों पर तेज रफ्तार में दौड़ रही हैं। इससे न केवल यातायात व्यवस्था चरमरा गई है, बल्कि आम लोगों की जान पर भी लगातार खतरा बना हुआ है। कृषि प्रयोजन के लिए रजिस्टर्ड ट्रैक्टर-ट्रॉली का व्यावसायिक उपयोग प्रतिबंधित है, इसके बावजूद दिन-रात मिट्टी ढुलाई कराई जा रही है। कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में न तो स्पष्ट नंबर प्लेट लगी है और न ही पीछे रिफ्लेक्टर या संकेतक लगा है।

ओवरलोड ट्रॉलियां तेज गति से चलती हैं, जिससे सड़क पर चलने वाले राहगीर, साइकिल सवार और स्कूली बच्चे हमेशा दहशत में रहते हैं। क्षेत्र में पहले ही इस लापरवाही का खामियाजा मासूमों को भुगतना पड़ा है। 18 जनवरी को तेज गति से जा रही मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सड़क किनारे जा रहीं तीन छात्राओं को कुचल दिया था। इस दर्दनाक हादसे में दो छात्राओं की मौत हो गई थी, जबकि एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया था। इसके बावजूद अवैध मिट्टी ढुलाई पर कोई कार्रवाई नही की जा रही है। जिससे लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि इस मामले में प्रशासन और पुलिस दोनों की जिम्मेदारी बनती है। उनकी मांग है कि पुलिस प्रशासन और परिवहन विभाग संयुक्त रूप से अभियान चलाकर अवैध मिट्टी ढुलाई पर रोक लगाएं, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को अपने किसी व्यक्ति की जान न गंवानी पड़े। इस संबंध में जयसिंहपुर एसडीएम प्रभात कुमार सिंह ने कहा अगर इस प्रकार मिट्टी की ढुलाई की जा रही तो परिवहन विभाग से संपर्क करके कार्रवाई कराई जाएगी।

Voice of UP
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।