
बंधक बनाने में प्रधान संघ जिलाध्यक्ष सहित चार को जेल
Sultanpur News - चांदा पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। आरोप है कि प्रधान ने एक युवक को अगवाकर बुरी तरह से पीटा। घायल युवक का उपचार मेडिकल कॉलेज सुलतानपुर में चल रहा है। दोनों पक्षों में पूर्व से विवाद चल रहा है।
चांदा,संवाददाता। जानलेवा हमले मामले में चांदा पुलिस ने प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष सहित चार नामजद आरोपियों को शनिवार दे गिरफ्तार कर जेल भेजा। जेल भेजे गए प्रधान पर आरोप लगाया गया था कि वह शुक्रवार को चांदा कोतवाली क्षेत्र के शुकुल उमरी गांव निवासी एक व्यक्ति को अगवाकर उसे बंधक बनाकर बुरी तरह से पीटे थे। घायल युवक आनन्द कुमार मिश्र पुत्र तीर्थराज मिश्र निवासी ग्राम सौराई थाना आसपुर देवसर जनपद प्रतापगढ़ के भाई अभिषेक मिश्र ने इस संबंध में चांदा थाने में तहरीर दिया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर थाने में जानलेवा हमले सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर शनिवार को चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।

पुलिस ने मामले में प्रधान संघ जिलाध्यक्ष मनोज गोस्वामी पुत्र महन्थराज गोस्वामी ,पंकज गोस्वामी पुत्र कपिल गोस्वामी ,शिवांशु उर्फ़ बाबी पुत्र मनोज गोस्वामी व इंद्रदेव पुत्र रामपति निवासीगण ग्राम शुकुल उमरी थाना चांदा जनपद सुलतानपुर को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की। बताते चले कि गंभीर रूप से घायल आनन्द कुमार मिश्र का मेडिकल कॉलेज सुलतानपुर में उपचार चल रहा है। दोनों गुटों का पूर्व से विवाद चला आ रहा है। दोनों गांव अगल बगल सटे हुए है । पूर्व में आनन्द कुमार मिश्र के गुट द्वारा मनोज गोस्वामी के ऊपर हमला किया गया था । आनंद कुमार मिश्र के ऊपर भी कई मुकदमे दर्ज है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली चांदा दीपेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि चार लोगों को जानलेवा हमले मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है ।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




