एंबुलेंस और पीएसी वाहन की भिड़ंत मामले में मुकदमा दर्ज
Sultanpur News - सुलतानपुर-वाराणसी फोरलेन हाईवे पर शनिवार को एक सड़क हादसा हुआ। एंबुलेंस और पीएसी वाहन की टक्कर में चार लोग घायल हुए। पीएसी चालक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उसने एंबुलेंस के चालक पर तेज रफ्तार और लापरवाही का आरोप लगाया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

भदैया, संवाददाता। सुलतानपुर-वाराणसी फोरलेन हाईवे पर हनुमानगंज बाईपास पुल के पास शनिवार को हुए सड़क हादसे के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। शव लेकर जा रही एंबुलेंस की पीएसी वाहन में हुई भिड़ंत के मामले में पीएसी वाहन चालक की ओर से कोतवाली देहात में मुकदमा दर्ज कराया गया है। उत्तराखंड के रुद्रपुर निवासी अरुण कुमार सिंह की सास दीपा सिंह का निधन हो गया था। परिजन शव को एंबुलेंस से वाराणसी के मणिकर्णिका घाट अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान सुलतानपुर-वाराणसी फोरलेन पर हनुमानगंज बाईपास के पास पखरौली स्टेशन के आरओबी से पहले मुरारपुर गांव के निकट सड़क किनारे खड़े पीएसी वाहन से एंबुलेंस जा टकराई थी।
हादसे में एंबुलेंस चालक सोनू (36) पुत्र वशीर अहमद निवासी रुद्रपुर, अरुण कुमार सिंह पुत्र केशव प्रसाद, उनके पुत्र पीयूष सिंह और पत्नी रीतू सिंह घायल हो गए थे। वहीं, 25वीं वाहिनी पीएसी रायबरेली में तैनात आरक्षी चालक राजेश कुमार यादव ने कोतवाली देहात में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि 6 मार्च को जनऊपुर गांव में ड्यूटी करने के बाद उनका सरकारी वाहन तकनीकी खराबी के कारण गोपालपुर के पास हाईवे किनारे खड़ा कर दिया गया था। सुबह करीब छह बजे पयागीपुर की ओर से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही एंबुलेंस संख्या ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से सरकारी वाहन का बम्पर, सीढ़ी और ब्रेक लाइट समेत कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि वाहन में बैठे आरक्षी चालक राजेश कुमार यादव और मुख्य आरक्षी भृगुनाथ यादव घायल हो गए। पुलिस ने पीएसी चालक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


