
जरूरत के समय नहर में नहीं रहता पानी
Sultanpur News - जयसिंहपुर में किसान सिंचाई के लिए पानी की कमी का सामना कर रहे हैं। अधिकारियों की लापरवाही और बारिश की कमी से फसलों को नुकसान हो रहा है। माइनरों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे किसान निजी नलकूपों...
जयसिंहपुर, संवाददाता । कभी भी समय से माइनर में सिंचाई के लिए किसानों पानी नही मिल पाता है। किसान इसके लिए सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदार मानते हैं। पर्याप्त बारिश न होने से किसानों की फसलों को सिंचाई के लिए परेशान होना पड़ रहा है। हल्की बारिश से धान की फसलों को सिंचाई का सही लाभ नही मिल पा रहा है। जयसिंहपुर तहसील क्षेत्र में अभी तक जरूरत के हिसाब से बरसात न होने से और बिजली कटौती के चलते किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए समस्या हो रही है। क्षेत्र के माइनरों में भी पानी नही है। भवानीपुर रजबहा, समेत कई माइनरों में अभी तक टेल तक पानी नही पहुंच सका है।

माइनरों से किसानों को सिंचाई का लाभ नही मिल रहा है।धरसौली अलहदादपुर माइनर(भवानीपुर रजबहा) करीब पन्द्रह किलोमीटर लम्बी माइनर है इस माइनर से सिंचाई पर आश्रित ज्यादातर किसानों को अभी तक निराशा ही हाथ लगी है। शिकायत के बाद भी पानी अभी तक इस माइनर में टेल तक नही पहुंच सका है। भदैंया संवाद के अनुसार रामगंज रजबहा खंड-49 से निकली नरहरपुर बभनगंवा नहर, अभियाखुर्द भदैया अल्पिका नहर, लाखीपुर नहर व रामगढ़ नहर में झाड़-झंखाड़ और घास-फूस उग आई है। इसी वजह से एक महीने से धान की फसल के लिए जरूरी पानी नहीं आ सका। किसान लगातार शिकायत कर रहे हैं, मगर सिंचाई विभाग लापरवाह बना हुआ है। भदैया क्षेत्र की करीब 15 ग्राम सभाओं के किसान अपनी फसल बचाने के लिए निजी नलकूपों का सहारा ले रहे हैं। परंतु बिजली संकट और सूखे मौसम ने परेशानी और बढ़ा दी है। किसान अब नहर या आसमान से पानी की आस लगाए बैठे हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




