
सुलतानपुर-सुदामा चरित्र का वर्णन सुन भाव विभोर हुए श्रोता
Sultanpur News - गोसाईगंज में दुर्गामाता मंदिर परिसर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का समापन सुदामा चरित्र के भावपूर्ण वर्णन के साथ हुआ। आचार्य पंडित विष्णु देव मिश्र ने श्रद्धालुओं को सच्ची भक्ति और मित्रता का संदेश दिया। कथा के दौरान भक्त भावुक हो उठे और भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
गोसाईगंज,संवाददाता। भक्ति, करुणा और मित्रता के भावों से ओतप्रोत वातावरण के बीच बहाउद्दीन फुरसतगंज बाजार स्थित दुर्गामाता मंदिर परिसर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का समापन बुधवार को सुदामा चरित्र के भावपूर्ण वर्णन के साथ हुआ। अयोध्या धाम से पधारे आचार्य पंडित विष्णु देव मिश्र ने भगवान श्रीकृष्ण और उनके परम मित्र सुदामा की कथा सुनाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। आचार्य ने कहा कि सुदामा और श्रीकृष्ण की मित्रता सच्ची भक्ति, त्याग और निष्काम प्रेम का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने बताया कि निर्धन सुदामा का भगवान श्रीकृष्ण के द्वार पहुंचना यह संदेश देता है कि प्रभु अपने भक्त की भावना देखते हैं, न कि उसके वैभव को।
भगवान द्वारा सुदामा का आदर-सम्मान कर उन्हें वैभव प्रदान करना भक्त वत्सलता का जीवंत प्रमाण है। कथा के दौरान श्रद्धालु भावुक हो उठे। भजनों और संगीतमय प्रस्तुति से मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा और जय श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। यज्ञाचार्य शुभम मिश्र ने विधिवत व्यास पीठ की पूजा-अर्चना कराई। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान दीपक सिंह, जेपी सिंह, अजय कुमार पांडे, सुनील सिंह, अजीत सिंह, इंद्र बहादुर सिंह, पवन सिंह, विपिन सिंह, सभाजीत सिंह, शिव शंकर सिंह, चन्द्रशेखर, आनन्द तिवारी, नन्हे तिवारी सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




