जनऊपुर दोहरे हत्याकांड: एक और आरोपी गिरफ्तार, अब तक पांच लोग जेल भेजे गए

Mar 09, 2026 08:57 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सुल्तानपुर
share

Sultanpur News - सुलतानपुर में बच्चों के बीच हुए विवाद के चलते हुए खूनी संघर्ष में दोहरे हत्याकांड के बाद पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अब तक कुल पांच आ

जनऊपुर दोहरे हत्याकांड: एक और आरोपी गिरफ्तार, अब तक पांच लोग जेल भेजे गए

सुलतानपुर, संवाददाता। देहात कोतवाली क्षेत्र के जनऊपुर गांव में बच्चों के विवाद से शुरू हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। रविवार रात पुलिस ने एक और नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अब तक इस मामले में कुल पांच आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। वहीं दो लोगों की मौत हो चुकी है और एक घायल का इलाज पुलिस की निगरानी में चल रहा है। गुरुवार शाम जनऊपुर गांव में होमगार्ड जवान वीरेंद्र सोनकर और रमेश सोनकर के परिवारों के बच्चों के बीच हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।

झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान रमेश चंद्र सोनकर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि गोली लगने से वीरेंद्र सोनकर के बेटे मोहित सोनकर की मौत हो गई। मोहित के भाई मंगल सोनकर को भी गोली लगी है, जिनका लखनऊ ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है और उनका ऑपरेशन किया जाना है।घटना के बाद मोहित सोनकर की मां शारदा देवी की तहरीर पर रमेश सोनकर, उनके बेटे विपिन सोनकर, रिश्तेदार और हिस्ट्रीशीटर दीपक उर्फ भोलू सोनकर, रामस्वारथ उर्फ रामकुमार सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं दूसरी ओर मृतक रमेश चंद्र सोनकर की पत्नी गुलाबा देवी की शिकायत पर वीरेंद्र सोनकर, मोहित सोनकर, मंगल सोनकर और श्यामलाल सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर दीपक उर्फ भोलू सोनकर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। उसे बाइक से धोपाप पहुंचाने वाले उसके मौसेरे भाई अमर सोनकर (निवासी राजापट्टी लोटिया) को भी शनिवार को पकड़ लिया गया। इसके बाद वीरेंद्र सोनकर और रामस्वारथ उर्फ रामकुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया। रविवार को मृतक रमेश सोनकर के बेटे विपिन सोनकर को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।देहात कोतवाल धर्मवीर सिंह ने बताया कि नामजद आरोपी श्यामलाल, लल्लू और लल्लू की पत्नी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। यदि उनकी संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।