Sultanpur News: भूमि विवाद में मां को पीटने और बंधक बनाने का आरोप
Sultanpur News: सुल्तानपुर के दोस्तपुर थाना क्षेत्र के गोसैसिंहपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर एक महिला के साथ कथित मारपीट और उन्हें घर में बंधक बनाने का मामला सामने आया है। बेटे दीपक कुमार की शिकायत पर पुलिस ने उनके बड़े भाई सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस की मदद से महिला को मुक्त कराकर अस्पताल पहुंचाया गया।

Sultanpur News: दोस्तपुर, संवाददाता। दोस्तपुर थाना क्षेत्र के गोसैसिंहपुर गांव में बेटे ने भूमि विवाद में अपने बड़े भाई समेत पांच लोगों पर मां के साथ मारपीट करने और उन्हें मकान में बंधक बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दीपक कुमार की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दीपक के मुताबिक, सहखातेदारी की जमीन को लेकर उसकी मां अशोका देवी और बड़े भाई विनय कुमार के बीच विवाद चल रहा है। आरोप है कि 23 सितंबर को विनय कुमार, उसकी पत्नी पिंकी, अनूप कुमार, रमेश और प्रकाशचंद ने अशोका देवी के साथ मारपीट और गाली-गलौज की। इसके बाद मकान में ताला लगाकर उन्हें पूरे दिन बंधक बनाए रखा।
सूचना मिलने पर बनारस से घर पहुंचे दीपक ने मां को चोटिल और अचेत हालत में देखा। उसने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से महिला को मुक्त कराया। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी बिरसिंहपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दीपक ने अपने परिवार को जान से मारने की धमकी मिलने की बात भी कही है। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की थी। थाना प्रभारी नारदमुनि सिंह ने मुकदमा दर्ज किए जाने की पुष्टि की है।

