दस्तक अभियान के लिए आशा बहुओं को दिया गया प्रशिक्षण
Sultanpur News - भदैयां ब्लॉक में दस्तक अभियान के तहत आशा बहुओं को प्रशिक्षण दिया गया। स्वास्थ्य विभाग ने संचारी रोग नियंत्रण के लिए 15 से 30 अप्रैल तक घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने की योजना बनाई है। इस अभियान में नगर विकास, पंचायतीराज और अन्य विभाग भी शामिल होंगे।

भदैयां, संवाददाता। भदैयां ब्लॉक स्थित सीएचसी सभागार में सोमवार को दस्तक अभियान के तहत आशा बहुओं को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचारी रोग नियंत्रण को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. आरपी सिंह ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत आशा बहू व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता 15 से 30 अप्रैल तक घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी। उन्होंने सभी से अभियान में पूर्ण सहयोग देने की अपील की। बैठक के दौरान स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी राम मिलन प्रजापति ने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण माह में दिमागी बुखार सहित अन्य संक्रामक बीमारियों की रोकथाम पर विशेष जोर दिया जाएगा।
इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ नगर विकास, पंचायतीराज, बाल विकास, शिक्षा, ग्राम विकास एवं समाज कल्याण विभाग भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।अभियान के तहत लोगों को साफ-सफाई, मच्छरों से बचाव तथा जलभराव रोकने के उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही आशा बहू व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को क्षय रोगियों की जानकारी एकत्र करने तथा जन्म-मृत्यु पंजीकरण से वंचित लोगों का ब्यौरा जुटाने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। बताया गया कि पूरे ब्लॉक में कुल 191 टीमें घर-घर भ्रमण कर लोगों को अभियान की जानकारी देंगी। इस अवसर पर डॉ. राकेश सिब्बल, एआरओ नवनीत कुमार, फार्मासिस्ट संजीव सहित सैकड़ों आशा बहुएं मौजूद रहीं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


