श्मशान घाट पर बंट रहा सिलेंडर, लाइन में लग रहे लोग
कुड़वार, संवाददाता बीते चार महीने से सिलेंडर की कमी से जूझ रहे उपभोक्ताओं को

कुड़वार, संवाददाता बीते चार महीने से सिलेंडर की कमी से जूझ रहे उपभोक्ताओं को पूरी तरह से राहत नहीं मिल पा रही है। लाइन में लगने के बाद भी उपभोक्ताओं को निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है। गैस उपभोक्ताओं को समय से इण्डेन गैस का सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। 23 मई को उपभोक्ताओं ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। जिस पर 24 मई को पुलिस निगरानी में एक दिन थाने पर वितरण हुआ। उसके बाद से श्मशान घाट पर वितरण शुरू किया गया。
सिलेंडर वितरण की समस्या
सोमवार को करीब सौ उपभोक्ता बिना सिलेंडर लिए निराश होकर वापस लौट गए। कम्पनी से आयी गाड़ी को वितरण स्थल पर न ले जाकर पिक अप पर सिलेंडर पहुंचाया जाता है और उसी को बांटने के बाद कह दिया जाता है कि सिलेंडर समाप्त हो गया।सुबह से धूप में लाइन लगाए महिलाओं, वृद्ध और बच्चों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ता है। स्थानीय कस्बे के इंडेन गैस कार्यालय पर उपभोक्ताओं को पर्ची कटवाने के लिए भीड़ का सामना करना पड़ता है। उसके बाद सिलेंडर की डिलेवरी लेने के लिए उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी में लाइन लगाना पड़ रहा है। गजेंहडी निवासी सज्जाद ने बताया कि 25तारीख को डीएसी नम्बर मिला हुआ है दो दिन से लाइन लगा रहा हूं लेकिन नम्बर आते आते सिलेंडर समाप्त हो जाता है। भंडरा निवासी रामचंद्र ने बताया कि 25 तारीख को गैस की बुकिंग हुई थी। उसके बाद से श्मशान घाट पर गैस लेने के लिए चक्कर लगा रहा हूं। केवटली निवासी बृंदा प्रसाद ने बताया कि दो दिन बाद सिलेंडर मिला। इसरौली निवासी बब्लू 28 तारीख को डीएसी मिली है, लेकिन सोमवार को लाइन में लगने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिला। शिव दर्शन प्रतापपुर, अर्चना कुड़वार, मुष्ससिरा बानों रवनिया पूरब गैस नहीं मिलने से हलाकान रहे। इससे लोगों में आक्रोश है। इस सम्बन्ध एजेंसी संचालिका शिखा सिंह ने बताया कि जो कनेक्शन पहले निष्क्रिय थे,वह अब केवाईसी करवा कर सिलेंडर ले रहे हैं। इधर, प्रतिदिन लोड भी नहीं आ रहा है। लोड बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही उपभोक्ताओं की समस्या दूर हो जायेगी।
अंतिम संस्कार के दौरान कठिनाई
इनसेट
अंतिम संस्कार करने आए लोगों को होती है परेशानी
श्मशान घाट कुड़वार पर शव के अन्तिम संस्कार के लिए काफी दूर दराज से लोग पहुंचते हैं। एक दिन में कई शवों को लेकर उनके सगे सम्बन्धी काफी संख्या में आते हैं। गैस उपभोक्ताओं की सैकड़ों की भीड़ के चलते अंतिम संस्कार करने वालों को शव लेकर घाट तक पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को पारा बाजार,तिरछे,पूरे दयाराम और सोहगौली से आए शवों के अन्तिम संस्कार में काफी संख्या में लोगों की भीड़ थी।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


