रामगंज रजबहा की सड़क की रिपेयरिंग में मानक की अनदेखी

Feb 28, 2026 06:31 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सुल्तानपुर
share Share
Follow Us on

Sultanpur News - भदैया में नहर विभाग की जर्जर सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा किया गया है, जो शासनादेश का उल्लंघन है। निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए जा रहे हैं और ग्रामीणों का कहना है कि मानकों की अनदेखी की गई है। सड़क में आवश्यक सामग्री का उपयोग नहीं किया गया है और यह टिकाऊ नहीं है।

रामगंज रजबहा की सड़क की रिपेयरिंग में मानक की अनदेखी

भदैया, संवाददाता। शासनादेश को किनारे रखते हुए नहर विभाग की जर्जर सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा कराए जाने का मामला सामने आया है। रामगंज रजबहा की सड़क धनीपुर से सकवा तक करीब ढाई किलोमीटर मार्ग का निर्माण गत सप्ताह कराया गया। निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े हुए हैं। बताया जाता है कि शासनादेश के अनुसार नहर विभाग की सड़कों का निर्माण और मरम्मत कार्य संबंधित विभाग द्वारा ही कराया जाना चाहिए। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग ने उक्त मार्ग पर निर्माण कार्य करा दिया। इस कार्य पर करीब 25 लाख रुपये खर्च किए जाने की बात कही जा रही है।

लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता राकेश प्रसाद से जब इस संबंध में बात की गई तो उन्होंने बताया कि अनुमति के लिए पत्राचार किया गया था। उन्होंने कहा कि फिलहाल वह बोर्ड परीक्षा में स्टेटिक मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात हैं, जिस कारण कार्यस्थल पर नियमित निगरानी नहीं कर पा रहे हैं, लेकिन ठेकेदार को गुणवत्तापूर्ण निर्माण के निर्देश दिए गए हैं। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण के दौरान मानकों की अनदेखी की गई और बड़े पैमाने पर धांधली हुई है। उनका कहना है कि सड़क टिकाऊ नहीं है और जल्द ही उखड़ने लगेगी। बताया जाता है कि सड़क निर्माण में मानक के अनुसार ना तो गिट्टी डाली गई है ना ही तारकोल का इस्तेमाल हुआ है। दूसरी ओर नहर विभाग के अवर अभियंता पंकज यादव ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की ओर से एनओसी के लिए पत्र आया था, लेकिन उन्होंने ढाई किलोमीटर सड़क निर्माण कराए जाने की बात से इनकार किया है। सूत्रों की माने तो बिना एनओसी मिले ही लोक निर्माण विभाग ने सड़क का निर्माण करवा दिया। इससे पूर्व बभनगवा माइनर की पटरी पर बनी सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जा रहा था, जिसे नहर विभाग ने रुकवा दिया था। बावजूद इसके रातों-रात निर्माण करवा दिया गया था।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।